भास्कर न्यूज | कोरबा संजय नगर रेलवे क्रॉसिंग पर अंडरब्रिज बनाने ठेका कंपनी शीला कंस्ट्रक्शन रायपुर से सेतु निर्माण विभाग ने अनुबंध कर लिया है। ठेका कंपनी को वर्क आर्डर भी जारी कर दिया गया है। ठेका कंपनी ने रेलवे के साथ सर्वे किया है। क्रॉसिंग से केबल और बॉक्स को हटाने डिमांड नोट मिलना बाकी है। निर्माण कार्य भी शुरू करने की तैयारी की जा रही है। निर्माण में डेढ़ साल का समय लगेगा। दैनिक भास्कर ने 8 फरवरी के अंक में फाइलों में उलझा अंडरब्रिज: 2 महीने पहले टेंडर, अब तक ठेका कंपनी से एग्रीमेंट नहीं शीर्षक से खबर प्रमुखता से प्रकाशित की थी। इसके बाद ही पीडब्ल्यूडी सेतु निर्माण के अधिकारी सक्रिय हुए। अंडरब्रिज निर्माण के लिए रायपुर की कंपनी को17.45 करोड़ में ठेका दिया गया है। 2 साल पहले जिला खनिज न्यास मद से निर्माण के लिए 50 प्रतिशत राशि की मंजूरी मिली थी। इसके बाद से ही अंडरब्रिज की प्रक्रिया चल रही है। इसकी लागत 30 करोड़ 97 लाख 89 हजार रुपए है। जिसमें निर्माण के साथ ही मुआवजा, बिजली और पाइप लाइन की शिफ्टिंग के लिए भी राशि का प्रावधान है। इसकी आधी राशि रेलवे देगा। 1 साल पहले रेलवे और सिंचाई विभाग की जमीन से मुआवजा देने के बाद 88 मकानों को खाली भी कराया जा चुका है। निर्माण स्थल से पाइपलाइन व बिजली खंभे की शिफ्टिंग भी होने है। कुछ औपचारिकता बाकी ^ठेका कंपनी को वर्क आर्डर जारी हो चुका है। रेलवे प्रबंधन के साथ सर्वे होने के बाद कुछ औपचारिकताएं बाकी है। निर्माण का काम शीघ्र शुरू हो इसका प्रयास कर रहे हैं। एमएम ओहदार एसडीओ, सेतु निर्माण, पीडब्ल्यूडी


