अंडर-19 मेंस वर्ल्ड कप के सुपर-6 स्टेज में आज भारत का सामना पाकिस्तान से होगा। मुकाबला दोपहर 1 बजे से बुलवायो में शुरू होगा। दोनों ही टीमों को सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए जीत चाहिए। हालांकि, अगर टीम इंडिया हारी और नतीजे का अंतर कम रहा तो भी पाकिस्तान बाहर हो सकता है। पाकिस्तान को बड़ी जीत चाहिए
ग्रुप-2 के पॉइंट्स टेबल में इंग्लैंड 8 पॉइंट्स के साथ पहले नंबर पर है। भारत 6 अंक के साथ दूसरे और पाकिस्तान 4 अंक के साथ तीसरे नंबर पर है। भारत का रन रेट 3.337 है। वहीं पाकिस्तान का रन रेट 1.484 है। भारत मैच जीतकर सेमीफाइनल में पहुंच जाएगा। वहीं पाकिस्तान को सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए बड़े अंतर से जीत चाहिए। उदाहरण के लिए अगर पाकिस्तान ने पहले बैटिंग करते हुए 300 रन बनाए तो टीम को 85 रन से मैच जीतना होगा। वहीं भारत ने पहले बैटिंग करते हुए 251 रन बनाए तो पाकिस्तान को 33.2 ओवर में टारगेट हासिल करना होगा। एशिया कप फाइनल 191 रन से जीत चुका है पाकिस्तान
अंडर-19 लेवल पर भारत और पाकिस्तान आखिरी बार एशिया कप के फाइनल में भिड़े थे। जहां पाकिस्तान ने 347 रन बनाकर भारत को 191 रन से हरा दिया। दोनों ग्रुप स्टेज में भी भिड़े थे। जहां भारत ने 90 रन से मुकाबला जीता था। दोनों टीमों के बीच अंडर-19 लेवल पर ओवरऑल 29 मुकाबले खेले गए। 16 में भारत और 12 में पाकिस्तान को जीत मिली। एक मुकाबला टाई भी रहा। वर्ल्ड कप में पाकिस्तान ने आखिरी सेमीफाइनल 2022 में खेला था। वहीं टीम इंडिया 2016 से लगातार 5 फाइनल खेल चुकी है। टीम ने इनमें 2 टाइटल भी जीते। शुभमन का रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं वैभव
14 साल के ओपनर वैभव सूर्यवंशी 11 रन बनाते ही शुभमन गिल और उन्मुक्त चंद का रिकॉर्ड तोड़ देंगे। यूथ वनडे में फिलहाल भारत के लिए वैभव के नाम 1139 रन हैं। जबकि शुभमन और उन्मुक्त ने 1149 रन बनाए हैं। अली रजा पाकिस्तान के टॉप विकेट टेकर
पाकिस्तान के अली रजा पर भी नजरें होंगी। वे 12 विकेट लेकर टूर्नामेंट दूसरे टॉप विकेट टेकर हैं। एशिया कप फाइनल में उन्होंने ही वैभव सूर्यवंशी और आयुष म्हात्रे के विकेट लेकर भारत को दबाव में डाला था। टूर्नामेंट में अजेय है टीम इंडिया
इस बार के अंडर-19 वर्ल्ड कप में भारत ने एक भी मैच नहीं गंवाया है। टीम ने ग्रुप स्टेज में अमेरिका, बांग्लादेश और न्यूजीलैंड को हराया। फिर सुपर-6 में जिम्बाब्वे को 204 रन से हरा दिया। इस राउंड में टीम का आखिरी मुकाबला पाकिस्तान से ही है। दूसरी ओर पाकिस्तान को इकलौती हार इंग्लैंड से मिली। दोनों टीमों की पॉसिबल प्लेइंग-11
भारत: आयुष म्हात्रे (कप्तान), वैभव सूर्यवंशी, वेदांत त्रिवेदी, विहान मल्होत्रा, अभिज्ञान कुंडू (विकेटकीपर), हरवंश पंगालिया, कनिष्क चौहान, आरएस अंब्रिश, खिलन पटेल, हेनिल पटेल और दीपेश देवेन्द्रन। पाकिस्तान: समीर मिन्हास, मोहम्मद शयान (विकेटकीपर), उस्मान खान, अहमद हुसैन, फरहान यूसुफ (कप्तान), हुजैफा अहसन, हमजा जहूर, अब्दुल सुबहान, मोमिन कमर, उमर जैब और अली रजा।


