कांकेर। अंतागढ़ कॉलेज में अभिव्यक्ति ऐप की जानकारी देती रक्षा टीम। भास्कर न्यूज | कांकेर अंतागढ़ में महिला सुरक्षा एवं साइबर जागरूकता को लेकर विशेष कार्यशाला का आयोजन। इसके साथ ही महाविद्यालय परिसर में शिकायत पेटी भी लगाई गई। कांकेर पुलिस द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिले में निरंतर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। जिले की महिला रक्षा टीम कांकेर द्वारा अंतागढ़ क्षेत्र में विभिन्न स्थानों में जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिसमें अंतागढ़ महाविद्यालय, महिला आईटीआई अंतागढ़ शामिल है। यहां छात्राओं को अभिव्यक्ति ऐप के माध्यम से ऑनलाइन शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया समझाई गई। महाविद्यालय परिसर में शिकायत पेटी स्थापित कर छात्राओं को अपनी समस्याएं या संदिग्ध गतिविधियों की सूचना देने हेतु प्रोत्साहित किया गया। गुड टच बैड टच, बाल विवाह, साइबर अपराध, पॉक्सो एक्ट एवं मानव तस्करी संबंधी जानकारी दी गई। सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के संबंध में मार्गदर्शन प्रदान किया गया। महिला रक्षा टीम द्वारा आत्मरक्षा प्रशिक्षण का डेमो देकर छात्राओं को अपनी सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। विदित हो कि कांकेर पुलिस द्वारा मुख्यालय सहित जिले के विभिन्न हॉस्टल, कॉलेज, बाजार क्षेत्र एवं महिला समूहों में लगातार संपर्क कर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। जिससे महिलाओं एवं बच्चियों में सुरक्षा के प्रति विश्वास एवं जागरूकता बढ़ रही है।


