गुमला|नगर निकाय चुनाव को लेकर प्रचार-प्रसार के अंतिम दिन शाम 5 बजे से पहले अध्यक्ष-वार्ड पार्षद पद के प्रत्याशियों ने अपना शक्ति प्रदर्शन किया और जनता का समर्थन मांगा। बड़ी गाड़ियों से चुनावी प्रचार के साथ ही प्रत्याशियों ने बाइक रैली और रोड शो भी किया। इस दौरान प्रत्याशी अपने चुनाव चिह्न का प्रतीक लेकर निकले और जनता से अपने पक्ष में मतदान की अपील की। एकाएक शहर में प्रत्याशियों-समर्थको ं के जमावड़े व साप्ताहिक दिन के कारण शहर में दिनभर जाम की स्थिति बनी रही। आम जनता को इस कारण परेशानी का भी सामना करना पड़ा। हालांकि अब प्रचार थम गया है और प्रत्याशी बिखरे वोटों को समेटने में जुट गए है। लोहरदगा|नगरपालिका आम निर्वाचन 2026 अंतर्गत मतदान 23 फरवरी को सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक होना है जिसके तहत अधिक से अधिक मतदाताओं को मतदान के लिए शनिवार को बाइक रैली के माध्यम जागरूक किया। उपायुक्त डॉ. ताराचंद ने बाइक रैली को हरी झंडी दिखाई। उन्होंने 23 फरवरी को मतदाताओं से अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की। बाइक रैली समाहरणालय परिसर से प्रारंभ हुई जो कचहरी मोड़, ब्लॉक मोड़, पावरगंज, मैना बगीचा होते हुए वापस समाहरणालय परिसर में संपन्न हुई। भास्कर न्यूज|गुमला नगर की सरकार चुनने के लिए चल रहा महासंग्राम अब अपने अंतिम और निर्णायक पड़ाव पर पहुंच गया है। प्रचार-प्रसार का शोर थमने के साथ ही अब चुनावी बिसात मोहल्लों और गलियों में बिछ गई है। लाउडस्पीकरों की गूंज और रैलियों का रेला अब भले ही दिखाई न दे रहा हो लेकिन भीतर ही भीतर वोटरों को साधने की रणनीतियां और तेज हो गई हैं। प्रत्याशी अब साइलेंट मोड में घर-घर दस्तक देकर मतदाताओं की मान-मनौव्वल में जुटे हैं। प्रचार का आधिकारिक समय समाप्त होते ही प्रत्याशियों ने अपनी रणनीति बदल दी है। अब पूरा ध्यान व्यक्तिगत संपर्क पर है। प्रत्याशी और उनके समर्थक सक्रिय हैं और देर रात तक मतदाताओं की चौखट खटखटा रहे हैं। हर दरवाजे पर हाथ जोड़कर अपनी प्राथमिकताएं गिनाई जा रही हैं और अंतिम समय में जीत का आशीर्वाद मांगा जा रहा है। एसी शशिंद्र बड़ाइक ने बताया कि डोर टू डोर जनसंपर्क में अधिकतम 5 व्यक्ति को घूमने की अनुमति है। फ्लैक्स-बोर्ड लगे होने से कहा कि इसे अविलंब हटाने की कोई आवश्यकता नहीं है। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम: शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। डीसी और एसपी स्वयं तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं। प्रशासनिक स्तर पर बूथों को दुरुस्त करने का काम लगभग पूरा हो चुका है। मतदान कर्मियों को आवश्यक सामग्री के साथ रवाना करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है ताकि बाहरी तत्वों का हस्तक्षेप न हो सके। मैदान में उतरे हर प्रत्याशी का अपना दावा है। कोई विकास के नाम पर वोट मांग रहा है, तो कोई भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन का वादा कर रहा है। जल निकासी, साफ-सफाई और सड़कों की बदहाली जैसे मुद्दे इस बार भी हावी हैं। खास बात यह है कि युवा और महिला मतदाताओं को लुभाने के लिए प्रत्याशी विशेष जोर दे रहे हैं। आखिरी समय में जातिगत और क्षेत्रीय समीकरणों को अपने पक्ष में करने की जोड़-तोड़ भी चरम पर है।


