सूरजपुर | विधायक भूलन सिंह मरावी ने प्रेमनगर मंडल के ग्राम रामेश्वरनगर, महेशपुर और हरिहरपुर में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया। उन्होंने घने वन क्षेत्र और दूरस्थ बस्तियों तक पहुंचकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया, समस्याएं सुनीं और निराकरण का आश्वासन दिया। विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार की प्राथमिकता अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों को आवास योजना, वृद्धावस्था व सामाजिक सुरक्षा पेंशन, राशन कार्ड, स्वास्थ्य सुविधाएं और शिक्षा योजनाओं की जानकारी दी। पात्र हितग्राहियों से अपील की कि किसी भी योजना में अड़चन आने पर सीधे संपर्क करें। वन क्षेत्र की परिस्थितियों को देखते हुए उन्होंने ग्रामीणों को सुरक्षा के प्रति सजग रहने की सलाह दी। अनावश्यक रूप से रात्रि में बाहर न निकलने और प्रशासन के साथ समन्वय कर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने पर भी जोर दिया।


