अंत्योदय सेवा शिविर में दिव्यांगों को करना पड़ा 2 घंटे इंतजार, कई चयनित निराश लौटे

भास्कर संवाददाता|दौसा जिला मुख्यालय स्थित सूचना केंद्र के सामने आयोजित कार्यक्रम में निर्धारित समय से करीब दो घंटे देरी से शुरू होने के चलते लाभान्वितों को इंतजार करना पड़ा। मजबूरन कई चयनित कार्यक्रम छोड़कर लौट गए, तो कइयों को अधिकारी रोकते नजर आए। दरअसल, अंत्योदय सेवा शिविर के जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। निर्धारित शेड्यूल के अनुसार कार्यक्रम दोपहर 2:30 बजे शुरू होना था, जिसमें जिला प्रभारी एवं उद्योग मंत्री कर्नल राज्य वर्धन सिंह राठौड़ को बतौर मुख्य अतिथि शामिल होना था। जिलेभर से चयनित लाभार्थी कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे और इंतजार करते रहे। तय समय के अनुसार बांदीकुई विधायक भागचंद टांकडा, कलेक्टर देवेंद्र कुमार, एडीएम सुमित्रा पारीक, जिला परिषद सीईओ नरेंद्र मीणा व भाजपा पूर्व प्रदेश मंत्री नीलम गुर्जर भी पहुंच गई, लेकिन जयपुर के पिंजरापोल गौशाला परिसर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम शुरू नहीं होने के कारण अधिकारी व लाभान्वित कार्यक्रम स्थल पर ही बैठे रहे। करीब दो घंटे के इंतजार के बाद जिला प्रभारी मंत्री राज्य वर्धन सिंह राठौड़ कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे, तब तक कई लाभार्थी वापस लौट गए। मंत्री के भाषण के दौरान सभास्थल पर लगाई गई कुर्सियां भी खाली नजर आई। अधिकारी रोकने में लगे रहे: जिले के सभी उपखंड क्षेत्रों से लाभान्वित लोगों को आंमत्रित किया गया था, लेकिन निर्धारित समय से कार्यक्रम शुरू नहीं होने पर दिव्यांग लाभार्थी परेशान दिखे। शाम 4:30 बजे तक भी कार्यक्रम शुरू नहीं होने पर कई लाभार्थी लौटने लगे, तो अधिकारी उन्हें रोकने लगे। लाभार्थी अंधेरा होने व घर पहुंचने के लिए वाहन नहीं मिलने की बात कहते नाराजगी जताते दिखे। कई लाभार्थी तो लौट गए, जबकि कई दिव्यांग परेशान होते रहे। शाम 4:40 बजे जिला प्रभारी मंत्री के पहुंचने के बाद कार्यक्रम शुरू हुआ और स्कूटी व ट्राई साइकिल वितरण किया गया। अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा योजनाओं का लाभ- राठौड़: जिला प्रभारी तथा उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री कर्नल राज्य वर्धन सिंह राठौड़ ने कहा कि केन्द्र एवं राज्य सरकार अंत्योदय के भाव के साथ कार्य करते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी समाज में चार जातियां किसान, युवा, गरीब और महिलाओं के उत्थान के लिए कार्य कर रहे हैं। उसी भावना के अनुरूप राज्य सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति का उदय करने और उस तक जीवन जीने के मूलभूत साधन पहुंचाने की प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि बिना किसी भेदभाव और बिचौलियों के पूर्ण पारदर्शिता के साथ सरकार की योजनाओं का फायदा पहुंचाया जा रहा है। इस अवसर पर स्ट्रीट वेंडर्स को प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के ऋण चेक, मुख्यमंत्री दिव्यांगजन योजना में 47 दिव्यांगों को स्कूटी, 246 दिव्यांगजनों को अंग उपकरण और स्वामी विवेकानंद मूकबधिर विद्यालय कोलाना के 12 बच्चों को एचआई एवं खेलकूद किट देकर लाभान्वित किया। कार्यक्रम में बांदीकुई विधायक भागचंद टांकड़ा, कलेक्टर देवेंद्र कुमार, एसपी रंजीता शर्मा, उपवन संरक्षक अजित उंचोई, एडीएम सुमित्रा पारीक, जिला परिषद सीईओ नरेंद्र कुमार मीणा, जिला परिषद सदस्य नीलम गुर्जर, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक श्याम सुंदर शर्मा उपस्थित थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *