शहर के 8 जोन में गुरुवार को भाजपा के पार्षद निर्विरोध अध्यक्ष चुने गए। सभापति सूर्यकांत राठौर जोन-2 के पदेन अध्यक्ष हैं, इसलिए वहां निर्वाचन की जरूरत नहीं पड़ी। जोन-3 में अध्यक्ष का चुनाव दो नामों के पेंच में फंसने के कारण टाल दिया गया। यहां एक नाम लगभग तय था, लेकिन ऐन निर्वाचन से पहले उनके नाम पर आपत्ति के कारण चुनाव टाल दिया गया। अब यहां पर शुक्रवार को अध्यक्ष का निर्वाचन जोन-3 कार्यालय में होगा। राजधानी के 70 वार्डों में 60 में भाजपा पार्षद जीतकर आए हैं। भारी बहुमत होने के कारण पहले ही तय था कि सभी जोन में निर्विरोध अध्यक्ष चुने जाएंगे। सभी जोन कार्यालयों में दोपहर 12 बजे नामांकन शुरू हुआ। भाजपा पार्षदों को जोन-3 को छोड़कर शेष आठ जोन में अध्यक्ष पद के उम्मीदवारों का नाम पहले ही बताकर समर्थन के निर्देश दे दिए गए थे। इसलिए एक-एक उम्मीदवारों ने ही नामांकन जमा किए। सभी नामांकन के साथ एक प्रस्ताव और एक समर्थक थे। करीब घंटेभर चली औपचारिकता के बाद जोन कमिश्नरों ने जोन अध्यक्षों को नियुक्ति का प्रमाण-पत्र जारी कर दिया। 9 में से 7 जोन अध्यक्ष पहली बार के पार्षद जोन-1 : गज्जू साहू,
जोन-2 : सूर्यकांत राठौर
जोन-3 : ?
जोन-4 : मुरली शर्मा
जोन-5 : अंबर अग्रवाल
जोन-6 : बद्री प्रसाद गुप्ता
जोन-7 : श्वेता विश्वकर्मा
जोन-8 : प्रीतम सिंह ठाकुर
जोन-9 : गोपेश साहू,
जोन-10 : सचिन मेघानी
(सूर्यकांत पांचवीं और गोपेश दूसरी बार के पार्षद ) साधना प्रमोद साहू के नाम पर आपत्ति
जोन-3 में अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया ऐन वक्त पर आपत्ति के कारण रोक दी गई। बताया जा रहा है कि सुबह 10 बजे भाजपा कार्यालय में संगठन के पदाधिकारियों के साथ महापौर, सभापति समेत सभी पार्षदों की मीटिंग हुई। इसमें जोन-3 को छोड़कर शेष जोन के लिए नाम जारी कर दिया गया। पदाधिकारियों ने पार्षदों से कहा कि जोन-3 का चुनाव फिलहाल होल्ड कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि इस जोन के लिए पूर्व पार्षद और जोन अध्यक्ष रहे डा. प्रमोद साहू की पत्नी साधना साहू का नाम फाइनल बताया जा रहा था। संगठन की ओर से उनके नाम पर मुहर भी लग गई थी। ऐन वक्त पर एक बड़े नेता ने आपत्ति जता दी। उन्होंने शहीद वीर नारायण सिंह वार्ड के पार्षद प्रदीप वर्मा का नाम आगे कर दिया। इस वजह से निर्वाचन टल गया। अब शुक्रवार को जोन-3 में अध्यक्ष का चुनाव होगा। जोन-7 में कांग्रेस पार्षद बनीं समर्थक और प्रस्तावक
जोन-7 में श्वेता विश्वकर्मा के नामांकन में दो कांग्रेसी पार्षद प्रस्तावक और समर्थक बनीं। श्वेता के साथ वरिष्ठ भाजपा नेता प्रफुल्ल विश्वकर्मा और कार्यकर्ता मौजूद थे। श्वेता ने दो नामांकन दाखिल किए। एक नामांकन में भाजपा पार्षद प्रस्तावक और समर्थक बने। वहीं दूसरे नामांकन में सरदार वल्लभ भाई पटेल वार्ड की कांग्रेसी पार्षद रोनिता प्रकाश जगत और मनमोहन सिंह बख्शी वार्ड की पार्षद दीप मनीराम साहू प्रस्तावक और समर्थक बनीं। प्रफुल्ल विश्वकर्मा ने कहा कि जोन में हमारा बहुमत था। कांग्रेस के दोनों पार्षद चुनाव प्रक्रिया में हिस्सा लेने पहुंचे थे। उन्हें प्रस्तावक और समर्थक बनने का प्रस्ताव दिया। इसे उन्होंने स्वीकार कर िलया।


