अंधे मोड़ पर गिरे दो बाइक सवारों की सिर पर चोट लगने से हुई मौत

क्राइम रिपोर्टर | बिलासपुर कोटा में ग्राम अमने के पास अंधा मोड़ पर दो बाइक सवार युवक सोमवार देर रात अनियंत्रित होकर गिर गए। हादसे में दोनों को सिर पर गंभीर चोट आई। ग्रामीण उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। दोनों सीवी रमन यूनिवर्सिटी का वार्षिक उत्सव देखने जाने के लिए घर से निकले थे। पीपरतराई निवासी प्रकाश लहरे (21) और आयुष अनंत (16) सोमवार रात करीब साढ़े 10 बजे सीवी रमन यूनिवर्सिटी जाने के लिए निकले थे। बाइक प्रकाश चला रहा था। अमने मोड़ के पास दोनों अनियंत्रित होकर बाइक से गिर गए। हादसे में प्रकाश और आयुष के सिर पर गंभीर चोट आई। उनके ठीक पीछे आ रहे उसी गांव के लोगों ने दोनों को सड़क पर पड़ा देख बाइक रोका। तत्काल दोनों को उठाकर कोटा स्वास्थ्य केंद्र ले गए। लेकिन, डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद युवकों ने कोटा थाना पुलिस को घटना की सूचना दी। मामले में पुलिस ने मर्ग कायम जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार दोनों ने हेलमेट लगाया होता जान बच सकती थी। दोनों युवक घर से खाना खाने के बाद घूमने निकले थे। निकलते समय आयुष के दादा ने उसे बाहर जाने से मना किया था। लेकिन इसके बाद भी वह बिना बताए प्रकाश के साथ सीवी रमन यूनिवर्सिटी जाने के लिए निकल गया। अमने मोड़ पर अंधा मोड़ होने के कारण साल में कई छोटे-बड़े हादसे हो रहे हैं। भूत-प्रेत की आशंका पर ग्रामीणों ने मौके पर मंदिर तक बनाया है। यातायात पुलिस ने मोड़ पर विजिबिलिटी ठीक करने के लिए दोनों तरफ के पेड़ कटवा कर पर्याप्त लाइट की व्यवस्था भी कराई है। इसके बाद भी मौके पर हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। कोटा टीआई नरेश चौहान ने बताया कि हादसे में दोनों युवकों के शरीर पर मामूली खरोंच आई थी, लेकिन सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौत हो गई। पुलिस जांच कर रही है कि दोनों को किसी वाहन ने टक्कर मारी है या मोड़ पर गिरे हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *