अंबाला में अग्निवीर ने सुसाइड किया:हापुड़ के रहने वाले थे, इसी साल रिटायरमेंट, परिवार शादी के लिए लड़की देख रहा था

हरियाणा के अंबाला कैंट में एक अग्निवीर ने 26 जनवरी को फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया। उसका शव आर्मी एरिया के एक ऑफिस में पंखे पर लटका मिला। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के हापुड़ के मोइन खान (24) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, मोइन आर्मी की 11 ग्रेनेडियर यूनिट की क्लर्क विंग में तैनात थे। जब उनका साथी ऑफिस पहुंचे तो शव पंखे से लटका देखा, इसके बाद उन्हें तुरंत मिलिट्री हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। कैंट की रेजिमेंट पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल में पोस्टमॉर्टम कराया। कानूनी कार्रवाई के बाद मोइन की बॉडी परिजनों को सौंप दी। दिसंबर 2026 में पूरा होना था कार्यकाल
पुलिस चौकी प्रभारी सुखबीर सिंह ने बताया कि मोइन खान 2022 में अग्निवीर के रूप में सेना में भर्ती हुए थे। उनका कार्यकाल दिसंबर 2026 में पूरा होने वाला था। सैन्य अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार, मोइन खान पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान थे और साथियों से भी कम ही बात करते थे। हालांकि, अभी आत्महत्या के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल सका है। सैन्य पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमॉर्टम के बाद परिजन शव को गांव कमालपुर (हापुड़) ले गए, जहां आज उन्हें सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा। परिवार का इकलौता सहारा थे मोइन
मोइन खान अपने परिवार का इकलौता सहारा थे। वे एक साधारण किसान परिवार से थे और उनके पिता हापुड़ में खेती करते हैं। मोइन की एक बड़ी बहन और एक छोटा भाई भी है। जवान की मौत की खबर मिलते ही गांव कमालपुर में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों ने बताया कि मोइन अविवाहित थे। शादी के लिए लड़की देख रहे थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *