अंबिकापुर के पेयजल सप्लाई के पानी में मिला ई-कोलाइटिस बैक्टीरिया:नवागढ़ इलाके में फैल रहा पीलिया,स्वास्थ्य अमले ने कराई जांच, निगम अमला भी सक्रिय

अंबिकापुर नगर निगम क्षेत्र के नवागढ़ वार्ड में कई लोगों के पीलिया पीड़ित होने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने लोगों के घरों के पानी की सैंपलिंग कराई तो पेयजल में खतरनाक ई कोलाइटिस बैक्टीरिया मिला है। वार्ड में 42 लोग पिछले एक माह में पीलिया से प्रभावित हुए हैं। स्वास्थ्य अमले द्वारा वार्ड में लोगों के स्वास्थ्य की जांच की जा रही है। निगम अमले द्वारा भी इलाके में पहुंचकर पेयजल का सैंपल लिया जा रहा है। अंबिकापुर नगर निगम के मोहम्मद किदवई वार्ड में पिछले करीब एक माह से कई लोग बीमार होकर नवागढ़ स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे तो चिकित्सकों ने उनके लक्षण के आधार पर पीलिया की जांच कराई। वार्ड के करीब 42 लोग अब तक पीड़िया से पीड़ित हो चुके हैं। कई लोगों के पीलिया पीड़ित होने पर स्वास्थ्य विभाग ने पेयजल की सैंपलिंग कराई। सभी के घरों में नगर निगम का पानी पहुंचता है। पानी के सैंपल में मिला ई कोलाईटिस बैक्टीरिया
अंबिकापुर के नवागढ़ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की चिकित्सा अधिकारी डॉ.जया अग्रवाल ने बताया कि इलाके में लगातार लोग पीलिया जैसी बीमारी से पीड़ित हो रहे हैं और इसकी वजह से लोगों में बुखार और भूख नहीं लगने की समस्या हो रही थी। पानी की जांच करवाई गई. तब सैंपल की जांच में पता चला कि पानी में खतरनाक ई कोलाइटिस नामक खतरनाक कीटाणु मौजूद हैं। पानी के सैंपल की जांच में यहां 100 से अधिक की मात्रा में कीटाणु पाए गए हैं, जो बेहद ही निराशाजनक रिपोर्ट है। पानी की जांच में कई सैंपल अमानक मिले और पानी में खतरनाक स्तर तक ई कोलाइटिस बैक्टीरिया भी मिला है। इसकी रिपोर्ट सीएमएचओ ने पीएचई के ईई को पत्र लिखा है। एक बार फिर क्षेत्र में स्वास्थ्य कार्यकर्ता सक्रिय हैं। मोमिनपुरा वार्ड क्रमांक 40 के लोगों का ब्लड सैंपल लेने की तैयारी चल रही है। वहीं लोगों को पानी उबालकर पीने की सलाह दी जा रही है। शनिवार को नगर निगम का अमला भी वार्ड में पहुंचा और पानी के सैंपल लिये। नगर निगम द्वारा पेयजल सप्लाई की जांच कराई जा रही है। पाईपलाइन में लिकेज के कारण पानी प्रदूषित
वार्ड के पार्षद मो. हसन ने बताया कि उन्हें स्वास्थ्य विभाग के माध्यम से पता चला है और इसके बाद अब नगर निगम की टीम पहुंचकर लोगों के घरों से पानी का सैंपल ले रही है। वार्ड में चार से अधिक स्थानों पर पानी सप्लाई वाले पाइपलाइन में लीकेज होने के कारण दूषित पानी प्रवेश कर रहा है और लोगों के घरों में पहुंच रहा है। जब तक इस समस्या को ठीक नहीं किया जाता है, तब तक लोगों के घरों में दूषित पानी आता रहेगा। अंबिकापुर नगर निगम के जल प्रभारी और असिस्टेंट इंजीनियर प्रशांत खुल्लर ने कहा कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं थी कि वार्ड में दूषित पानी की सप्लाई हो रही है। वार्ड के पार्षद ने भी उन्हें नहीं बताया कि ऐसी स्थिति वार्ड में बनी हुई है। पानी की जांच कराई जा रही है। पाइपलाइन को सुधारा जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *