अंबिकापुर निगम ने सड़क सुधार, सीसी सड़क और नाली निर्माण समेत अन्य कामों के लिए 26 टेंडर आमंत्रित किया था। आज टेंडर फॉर्म जमा करने के अंतिम दिन निगम आयुक्त ने टेंडर को निरस्त कर दिया है। 3 करोड़ 34 लाख रुपए के विकास कार्यों का टेंडर निरस्त करने को लेकर निगम नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि, एक सप्ताह में शहर की सड़कें नहीं सुधरी तो कांग्रेस आंदोलन करेगी। इस टेंडर के लिए 23 जुलाई को फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि थी। 25 जुलाई को निविदा खोली जानी थी। निविदा जमा करने के अंतिम तिथि तक 900 फॉर्म खरीदे गए थे। अधिकांश जमा हो गए हैं। निगम आयुक्त ने टेंडर जमा करने की अंतिम तिथि को बिना कोई ठोस कारण बताए इन निविदाओं को निरस्त कर दिया है। नेता प्रतिपक्ष बोले- शहर की जनता को साथ धोखा इस मामले को लेकर विपक्ष ने निगम के सत्तापक्ष पर जमकर निशाना साधा है। नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद ने कहा कि, यह शहर की जनता के साथ धोखा है। अनुचित राजनीतिक दबाव में आकर आयुक्त ने अधिकार का दुरुपयोग करते हुए टेंडर कैंसिल किया है। उन्हें इसका वाजिब कारण देना होगा। ट्रिपल इंजन की रफ्तार से शहर में बदहाली फैल गई है। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि, शहर की सड़काें में गड्ढे ही गड्ढे हैं। लोग बारिश के बाद सड़क में जमा पानी और नालियों में गिर रहे हैं। शहर में बदहाल सड़कों से नगरवासियों को राहत दिलाने निगम मलवा तक नहीं डाल पा रहा है। कांग्रेस ने दी आंदोलन की चेतावनी कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने कहा कि, अंबिकापुर के सड़कों की स्थिति बदतर है। इसके रिपेयर के लिए निगम ने 27 जून को टेंडर बुलाया था। भाजपा कार्यकर्ताओं को इस निविदा से रोजगार नहीं मिला। ऐसा लगता है कि महापौर शहर की नहीं बल्कि भाजपा कार्यकर्ताओं की महापौर है। यदि शहर की सड़कें एक सप्ताह में नहीं सुधारी गई तो कांग्रेस आंदोलन करेगी। सीएम की घोषणा पर 20 करोड़ नहीं मिले नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद ने कहा कि दिसंबर 2024 में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शहर के सड़कों की मरम्मत के लिए 20 करोड़ रुपए देने की घोषणा की थी। यह राशि शहर को अब तक नहीं मिली। जो विकास के लिए पैसे निगम को मिले हैं, उनसे भी निगम काम नहीं करा पा रही है। पत्रकार वार्ता के दौरान कांग्रेस के विनोद एक्का, संजय सिंह, पपिन्दर सिंह, शंकर प्रजापति, लोकेश पासवान, चंद्रप्रकाश सिंह, रजनीश सिंह, धर्मेंद्र ताम्रकार, शुभम जायसवाल, नरेंद्र विश्वकर्मा, अविनाश कुमार, मिथुन सिंह, दिनेश शर्मा, अमित सिन्हा आदि मौजूद थे। स्वच्छता सुपर लीग पुरस्कार कांग्रेस कार्यकाल की उपलब्धि नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद ने स्वच्छता सुपर लीग में अंबिकापुर की उपलब्धि बताया है। शफी अहमद ने कहा कि अंबिकापुर को स्वच्छता सुपर लीग में साल 2022 से 2024 तक के सर्वे के आधार पर जगह मिली है। इस दौर में निगम का नेतृत्व कांग्रेस के पास था। इस उपलब्धि का श्रेय उन्होंने निगम में कार्यरत स्वच्छता दीदियों और सफाई कर्मचारियों के योगदान को दिया है। महापौर बोली- जबरदस्ती लगा रहे आरोप टेंडर निरस्त करने के सवाल पर महापौर कोई उचित कारण नहीं बता सकीं, बल्कि वे यह कहने लगीं कि कांग्रेसी जबरदस्ती आरोप लगा रहे है। अभी चार-पांच महीने ही हुए हैं। सभी दिक्कतें कांग्रेस शासनकाल की हैं। मुझे महिला और कमजोर समझते हुए कांग्रेसी आरोप लगा रहे हैं।