सरगुजा और सूरजपुर जिले की सीमा पर स्थित अंबिकापुर-बनारस स्टेट हाईवे पर कुछ युवकों ने जन्मदिन मनाने सड़क जाम कर आतिशबाजी की और केक भी काटा। इस दौरान आधे घंटे तक हाईवे पर यातायात बाधित रहा और दोनों ओर एक किलोमीटर तक लंबा जाम लग गया। जाम में एम्बुलेंस सहित कई वाहन फंसे रहे। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह घटना जयनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत लटोरी पुलिस चौकी क्षेत्र की है। 16 फरवरी रात अंबिकापुर के कुछ युवक सरगुजा-सूरजपुर सीमा पर स्थित चठिरमा क्षेत्र के एक ढाबे में जन्मदिन पार्टी मनाने पहुंचे थे। ढाबे में जश्न मनाने के बाद युवक स्टेट हाईवे पर पहुंच गए और चारपहिया वाहनों को सड़क के बीच खड़ा कर दोनों ओर से यातायात रोक दिया। इसके बाद युवकों ने जमकर आतिशबाजी की और कार की बोनट पर केक काटकर जन्मदिन का जश्न मनाया। इस दौरान हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह ठप हो गया। वायरल वीडियो में एक एम्बुलेंस भी जाम में फंसी हुई दिखाई दे रही है। हालांकि एम्बुलेंस में मरीज मौजूद था या नहीं, इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है। करीब आधे घंटे बाद सेलिब्रेशन समाप्त होने पर यातायात बहाल हुआ। वीडियो के आधार पर युवकों की तलाश शुरू सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की। लटोरी पुलिस चौकी प्रभारी अरूण गुप्ता ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर 7 अज्ञात युवकों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 285 और 126(2) के तहत एफआईआर दर्ज की है। वीडियो के आधार पर युवकों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है
हाईवे जाम कर केक काटने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसी के आधार पर 7 युवकों के खिलाफ केस दर्ज किया है। युवकों की तलाश कर रहे हैं। वीडियो की जांच भी जारी है। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अभिषेक पैकरा, एसडीओपी, सूरजपुर


