अंबिकापुर के बौरीपारा में सुभाष कॉन्वेंट स्कूल के पास मंगलवार की सुबह बाल्टी में नवजात शिशु का शव मिलने से सनसनी फैल गई है। मोहल्ले के लोगों ने नवजात का शव देखा तो सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस सीसीटीवी फूटेज खंगाल रही है। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, बौरीपारा में सुभाष कॉन्वेंट स्कूल के पास एक किराए के मकान के बाहर बाल्टी में नवजात का शव मंगलवार सुबह पड़ा हुआ मिला। किराए के मकान में रहने वाले जब बाहर निकले तो बाल्टी में नवजात शिशु का शव देखा। इसकी जानकारी मोहल्ले के लोगों को मिलने पर सूचना कोतवाली पुलिस को दी गई। कोतवाली पुलिस टीम ने मौके पर पहुंच शव को बरामद कर लिया है। CCTV फुटेज की जांच
कोतवाली पुलिस ने शव को बरामद किया। नवजात का शव किसने रखा, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस ने आसपास लगे सीसी टीवी कैमरों के फुटेज की भी जांच की। सीसी फुटेज में दो युवतियां बाल्टी लेकर मोहल्ले की ओर जाते हुए दिख रही हैं। आशंका है कि इन दोनों युवतियों ने ही नवजात के शव को रखा है। जहां नवजात का शव मिल है, वहां आसपास कोई हॉस्पिटल भी नहीं है। आशंका है कि अनचाहे गर्भ के कारण बच्चे का जन्म हुआ है, जिसके बाद उसे बाल्टी में रखकर मौके पर छोड़ दिया गया। कोतवाली थाना प्रभारी मनीष सिंह परिहार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। शिनाख्त होने पर संबंधितों के खिलाफ अपराध दर्ज किया जाएगा।


