जयपुर में डॉ. अंबेडकर जयंती के अवसर पर एक विशेष पहल की गई। झालाना स्थित डॉ. अंबेडकर मेमोरियल वेलफेयर सोसायटी राजस्थान में आयोजित कार्यक्रम में 500 लोगों को एक-एक लाख रुपए की व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा पॉलिसी निशुल्क दी गई। यह आयोजन ऑल इंडिया जनरल इंश्योरेंस एससी-एसटी एंप्लोयज वेलफेयर एसोसिएशन (राजस्थान), ऑल इंश्योरेंस एंप्लोइज ऑर्गनाइजेशन और संबोधी सेवा सोशल वेलफेयर एंड कल्चर सोसायटी की ओर से किया गया। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। समारोह में गीता बाल निकेतन स्कूल के छात्रों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम में सरकारी मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग, सांसद मंजू शर्मा, विधायक कालीचरण सराफ और मेयर डॉ. सौम्या गुर्जर सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। आईपीएस अध्यक्ष जसवंत सम्पतराम ने समारोह की अध्यक्षता की। करीब दो हजार लोगों की उपस्थिति में संस्था की आम सभा का भी आयोजन किया गया। इस दौरान 2024-25 के लिए केंद्रीय कार्यसमिति के निर्णयों का अनुमोदन किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों का माला और मोमेंटो देकर सम्मान किया गया। वाटर कूलर किया भेंट: इस मौके पर केनरा बैंक की ओर से संस्था को वाटर कूलर भेंट किया। साथ ही ऑल इंडिया केनरा बैंक एससी-एसटी एम्प्लॉइज बहुजन वेलफेयर एसोसिएशन की ओर से 30 हजार रुपए का सहयोग दिया गया।


