ऊना में एक 45 वर्षीय व्यक्ति की साइकिल से गिरकर मौत हो गई। उप मंडल अंब के तहत पतेहड़ में व्यक्ति मजदूरी करता था। उसकी पहचान जय नंदन नोनिया (45) पुत्र परीखा नानिया निवासी गांव वाड़ी डॉ. डंडारकलां, थाना पंकी जिला पलामू झारखंड के रूप में हुई है। रविवार सुबह करीब 8 बजे वह अपनी साइकिल पर काम के लिए निकला था लेकिन देर शाम तक वो अपने कमरे में नहीं लौटा तो उसकी तलाश शुरू की गई। देर शाम वहां खेल रहे कुछ बच्चों ने नाले में साइकिल समेत गिरे हुए जय नंदन को देखा और इसको लेकर शोर मचाना शुरू कर दिया। जिसके बाद व्यक्ति को परिजन एक निजी क्लिनिक में ले गए, जहां पर डॉक्टर ने फर्स्ट एड करने के बाद उसे हॉस्पिटल ले जाने की सलाह दी। हॉस्पिटल जाने से पहले परिजन इसको घर लेकर चले गए। घर पहुंचते ही जय नंदन ने दम तोड़ दिया। मामले की पुष्टि करते हुए एसएचओ गौरव भारद्वाज ने कहा कि मामले की सूचना मिलने पर पुलिस ने मृतक का क्षेत्रीय अस्पताल में पोस्टमॉर्टम करवाने के बाद शव उसके वारिसों के हवाले कर दिया है।


