अकावद और नैनेरा परियोजना का होगा शिलान्यास:7 मार्च को सीएम भजनलाल का प्रस्तावित कोटा दौरा, तैयारियों में जुटा प्रशासन

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के आगामी 7 मार्च को प्रस्तावित कोटा दौरे को लेकर प्रशासनिक और राजनैतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है। सीएम के इस दौरे को लेकर तैयारियां युद्ध स्तर पर शुरू कर दी गई हैं। इसी सिलसिले में प्रदेश के ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने रविवार को कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं की कमान संभाली। ​ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने कोटा के शंभूपुरा पहुंचकर प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने आयोजन स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था, मंच निर्माण, आमजन के बैठने की व्यवस्था और शिलान्यास स्थल का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान ऊर्जा मंत्री के साथ शहर जिलाध्यक्ष राकेश जैन, देहात जिलाध्यक्ष प्रेम गोचर, समेत जिला प्रशासन, पुलिस विभाग और जल संसाधन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। मंत्री ने मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान प्रोटोकॉल और सुरक्षा में किसी भी प्रकार की चूक नहीं होनी चाहिए। संख्या के अनुरूप पांडाल बनाने, पार्किंग और परिवहन पर भी बात हुई। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का यह दौरा कोटा और पूरे हाड़ौती क्षेत्र के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। 7 मार्च को मुख्यमंत्री क्षेत्र की दो बड़ी और बहुप्रतीक्षित परियोजनाओं, अकावद परियोजना और नौनेरा परियोजना का विधिवत शिलान्यास करेंगे। ​इन परियोजनाओं के शुरू होने से ​हाड़ौती क्षैत्र में पेयजल में स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित होगी। वहीं हजारों हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी मिल सकेगा। जिससे किसानों की आय और उत्पादन में वृद्धि होगी। ऊर्जा मंत्री नागर ने बताया कि ये परियोजनाएं हाड़ौती के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने में मील का पत्थर साबित होंगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *