भास्कर न्यूज | पबिया शांतिकुंज हरिद्वार से आई अखंड दीप कलश रथ यात्रा ने करमाटांड़ प्रखंड के सिकरपोसनी समेत कई गांवों में भ्रमण किया। ग्रामीणों ने श्रद्धा और उत्साह के साथ रथ यात्रा का स्वागत किया। रथ में विराजमान अखंड दीप और कलश की पूजा श्रद्धालुओं ने पूरे भक्ति भाव से की। गायत्री परिवार के सदस्यों ने यात्रा के दौरान लोगों को नशा मुक्ति, स्वच्छता, शिक्षा और संस्कार युक्त जीवन का संदेश दिया। एक दीप जलाएं, अंधकार मिटाएं और नशा छोड़ो, जीवन जोड़ों जैसे नारों से जनमानस को जागरूक किया गया। रथ यात्रा ने गांव-गांव में भ्रमण कर आध्यात्मिक चेतना और राष्ट्र निर्माण के कार्यों से लोगों को जोड़ा। यात्रा ने सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक चेतना का वातावरण तैयार किया। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने श्रद्धा के साथ भाग लिया। लोगों ने इसे ऐतिहासिक और प्रेरणादायक पहल बताया। आयोजकों ने कहा, इस यात्रा का उद्देश्य समाज में सकारात्मक बदलाव लाना है।