यूपी विधानसभा के शीतकालीन सत्र का आखिरी दिन हंगामेदार होने की उम्मीद है। कांग्रेस अपने कार्यकर्ता प्रभात पांडेय की मौत और सपा विधायक अतुल प्रधान के निष्कासन पर सरकार को घेरेगी। अखिलेश ने जहां सपा विधायकों की इमरजेंसी बैठक बुलाई है। वहीं कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने पीड़ित परिवार को एक करोड़ रुपए मुआवजे और सरकारी नौकरी दिए जाने की मांग की। विधानसभा सत्र के अंतिम दिन वित्तीय वर्ष 2024-25 का दूसरा अनुपूरक बजट प्रस्ताव पारित किया जाएगा। वित्त मंत्री सुरेश खन्ना 17865 करोड़ के अनुपूरक बजट को पारित करने का प्रस्ताव करेंगे। अंतिम दिन उत्तर प्रदेश माल एवं सेवाकर (द्वितीय) संशोधन अधिनियम भी पारित किया जा सकता है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अनुपूरक बजट के साथ दिव्य और भव्य प्रयागराज कुंभ को लेकर सरकार की तैयारियों से सदन को अवगत कराएंगे। सीएम बताएंगे कि किस प्रकार कुंभ यूपी को विश्व पटल पर नए शो केस में प्रस्तुत करेगा।


