अखिलेश बोले- कानपुर में शुभम के घर नहीं जाऊंगा:BJP वहां कुछ भी करा सकती है; राजा भैया से मेरा कोई परिचय नहीं

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने गुरुवार को कहा- कानपुर में शुभम द्विवेदी के घर हम नहीं जा रहे। भाजपा वहां कुछ भी करा सकती है। इसलिए सावधान रहना चाहिए। जब मैं मुख्यमंत्री था, तब एक फौजी के यहां गया था। उस कमरे में RSS के लोग बैठे हुए थे। उन्होंने क्या करवाया था। आप पता करवा लीजिएगा। शुभम को पहलगाम में आतंकियों ने गोली मार दी थी। आज सुबह शुभम का अंतिम संस्कार उनके कानपुर में उनके पैतृक गांव में किया गया। सीएम योगी परिजनों को ढांढस बंधाने पहुंचे थे। आतंकी हमले पर अखिलेश ने कहा- सरकार कड़ी कार्रवाई करे, क्योंकि आतंकवादी का कोई धर्म नहीं होता। उनका मकसद लोगों में डर पैदा करना होता है। देश और प्रदेश के कारोबार को रोकना होता है। जो पैसा प्रोपगेंडा पर खर्च होता है, वह अगर सुरक्षा पर खर्च होता तो यह घटना नहीं होती। खबर में आगे बढ़ने से भास्कर पोल में हिस्सा ले सकते हैं… अखिलेश यादव ने लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। कहा- पहलगाम में जो घटना हुई, वह दुखद है। ऑल पार्टी मीटिंग में रामगोपाल रहेंगे। हम मीटिंग में सपा का पक्ष रखेंगे। राजा भैया ने कश्मीर टूरिज्म को बायकॉट करने की बात कही है। इस पर अखिलेश ने कहा-मेरा उनसे कोई परिचय नहीं है। बता दें कि राजा भैया अखिलेश के पिता मुलायम सिंह यादव के करीबी रह चुके हैं। वह मुलायम सरकार में मंत्री भी थे। अब अखिलेश की बड़ी बातें पढ़िए- 1- अग्निवीर के पक्ष में देश के युवा नहीं
अग्निवीर के पक्ष में देश के युवा नहीं हैं। वे पक्की नौकरी और स्थायी वर्दी चाहते हैं। देश की सुरक्षा के लिए जितना भी बजट लगे, लगाया जाना चाहिए। भारत सरकार ने जो फैसले लिए हैं, उनसे भी कठोर फैसले लिए जाएं और उन पर अमल किया जाए। पूरे देश में इस घटना के खिलाफ गुस्सा है। किसी भी राजनीतिक पार्टी को ऐसी घटना से राजनीतिक लाभ नहीं उठाना चाहिए। यह पूरे देश का सवाल है। दिल्ली सरकार की जिम्मेदारी है कि फेक न्यूज या ऐसी खबरें, जिनसे सुरक्षा को खतरा हो सकता है, उन्हें रोके। 2- पीएम के भाषण पर कहा- कड़ा से कड़ा कदम उठाएं।
प्रधानमंत्री के भाषण पर अखिलेश ने कहा- कड़ा से कड़ा कदम उठाएं। उम्मीद नोटबंदी से भी बढ़ी थी और धारा 370 हटाने से भी। लेकिन सरकार क्या कर रही है? आतंकवाद रोकने की जिम्मेदारी सरकार की थी। पहले की घटनाओं से सबक क्यों नहीं लिया गया? 3- देश की सुरक्षा को जुमला न बनाएं
जब जम्मू-कश्मीर में भाजपा सरकार ने सब कुछ अपने मन मुताबिक किया है, तो वह इतने अधिक लोगों की असामयिक मौत के लिए अपनी जिम्मेदारी से पल्ला नहीं झाड़ सकती। यह केंद्र सरकार की नाकामी है कि वह पहले से नहीं जान पाई कि देश के दुश्मन इतनी वीभत्स घटना को अंजाम देने वाले हैं। यह कोई पहली बार नहीं हुआ है। भाजपा सरकार ने अगर पिछले हमलों से सबक लिया होता, तो वह पहले से ही सतर्क और सजग होती और ऐसे हमलों को रोका जा सकता था, लोगों की जान बचाई जा सकती थी। संवेदनहीन भाजपाइयों से आग्रह है कि जिन्होंने अपनों को खोया है, उनका दुख-दर्द समझें और कम से कम देश की सुरक्षा को जुमला न बनाएं। यह असीम दुख की घड़ी है, इसे भाजपाई दिखावटी बैठकों और झूठी संवेदनाओं से न झुठलाएं। 4- भाजपाई देशवासियों को मौत के मुंह में ढकेल देते हैं
अगर भाजपाई और उनके संगी-साथी देशभर के पर्यटकों को जम्मू-कश्मीर के भ्रमण के लिए प्रेरित कर रहे हैं, तो उनकी सुरक्षा के पर्याप्त प्रबंध पहले से क्यों नहीं किए गए? जहां हमला हुआ, वह स्थान कोई निर्जन क्षेत्र नहीं था, बल्कि एक प्रसिद्ध पर्यटन स्थल था। तभी तो वहां देश के कई प्रदेशों के पर्यटक मौजूद थे। इतने प्रसिद्ध स्थान पर सुरक्षा के लिए बैठकें पहले होनी चाहिए थीं, लोगों के जीवन गंवाने के बाद नहीं। यह भाजपा सरकार की रणनीतिक चूक है। लेकिन इससे उन भाजपाइयों को क्या फर्क पड़ता है, जो स्वयं तो सुरक्षा के कई घेरों में चलते हैं, लेकिन देशवासियों को मौत के मुंह में ढकेल देते हैं। 5- भाजपा देश की सुरक्षा से समझौता कर रही है, वह क्षम्य नहीं
अगर भाजपा सरकार यह बहाना बनाती है कि हमारे पास सुरक्षा बलों की कमी है, तो इसके लिए भी वही जिम्मेदार है। सुरक्षा बलों की संख्या घटाकर, दोयम दर्जे के उपकरण, अस्त्र-शस्त्र और युद्ध वाहन खरीदकर और अग्निवीर जैसी योजनाएं लाकर भाजपा जो देश की सुरक्षा से समझौता कर रही है, वह क्षम्य नहीं है। इस घटना के प्रतिशोध का कोई भी दावा अब जनता को बहका नहीं सकता, क्योंकि कोई भी प्रतिक्रिया मृतकों को वापस नहीं ला सकती। जिन परिवारों ने जो खो दिया, वह खो दिया। सच तो यह है कि न तो देश की आजादी में भाजपाइयों और उनके संगी-साथियों का कोई योगदान था, न ही वे आजादी को बचाने में कोई योगदान दे रहे हैं। लाख माफी मांगने पर भी भाजपाइयों और उनके संगी-साथियों को न तो भारत का इतिहास माफ करेगा, न भविष्य। 6- भाजपा हमेशा आपदा में अवसर ढूंढती है…
भाजपा ने जम्मू-कश्मीर के बेहद दर्दनाक हादसे पर बचकाना विज्ञापन छापकर साबित कर दिया है कि भाजपाइयों की संवेदना उन लोगों के प्रति शून्य है। जिन्होंने अपना जीवन खोया है, जिनके परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूटा है। भाजपा अब चाहे यह विज्ञापन हटवा दे, लेकिन उसका यह पाप उसके कट्टर समर्थकों तक माफ नहीं होगा। भाजपा हमेशा आपदा में अपनी सत्ता और सियासत के लिए अवसर ढूंढती है। भाजपा अपनी सत्ता के सिवा किसी की सगी नहीं है। —————– ये खबर भी पढ़ें- यूपी- शुभम की पत्नी योगी से बोली- कड़ा बदला चाहिए:पति की शर्ट पहनी, फिर उसी से लिपट गई; CM बोले- ताबूत में ये आखिरी कील पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए कानपुर के शुभम द्विवेदी का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। चाचा नरेंद्र ने मुखाग्नि दी। पिता बगल में खड़े होकर रोते रहे। गुरुवार सुबह 11 बजे जब घर से ड्योढ़ी घाट के लिए शव यात्रा निकली तो पत्नी ऐशन्या चीख पड़ीं। पत्नी ने दो दिन से अपने पति की शर्ट पहन रखी थी। उन्होंने वह शर्ट उतारी, उसे सीने से लगाया, फिर फूट-फूटकर रोने लगीं। यह देखकर वहां मौजूद लोगों की आंखें भर आईं। पढ़ें पूरी खबर

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *