अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला सम्मेलन का राष्ट्रीय अधिवेशन 31 जनवरी और 1 फरवरी को राष्ट्रीय अध्यक्ष अंजू सरावगी के गृह नगर बालेश्वर में आयोजित हुआ। इस अधिवेशन में छत्तीसगढ़ से बड़ी संख्या में पदाधिकारियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ प्रांतीय अध्यक्ष अरुणा अग्रवाल सहित प्रांतीय और राष्ट्रीय स्तर की महिला पदाधिकारी मौजूद रहीं। राष्ट्रीय अधिवेशन में छत्तीसगढ़ प्रदेश को कुल 28 पुरस्कार प्राप्त हुए। छत्तीसगढ़ प्रांतीय अध्यक्ष अरुणा अग्रवाल को श्रेष्ठतम अनुभवी प्रदेश अध्यक्ष का अवार्ड दिया गया। इसके अलावा उमंग शाखा रायपुर को राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक की मेजबानी के लिए सम्मान मिला, जबकि बिलासपुर और सक्ति शाखा को श्रेष्ठ शाखा का अवार्ड प्रदान किया गया।
अधिवेशन के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। हरित जगन्नाथम् प्रतियोगिता में चांपा शाखा की नेहा अविनाश अग्रवाल को तृतीय स्थान मिला। इसके साथ ही राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी छत्तीसगढ़ को प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार प्राप्त हुए।
अधिवेशन में सभी प्रदेशों ने अपनी संस्कृति को रैली के माध्यम से प्रस्तुत किया। छत्तीसगढ़ ने छत्तीसगढ़ महतारी, पद्मश्री तीजन बाई, मिनीमाता, वीरांगनाओं, छत्तीसगढ़ी वेशभूषा, राउत नाचा और सुआ नृत्य का प्रदर्शन किया। पर्यावरण संरक्षण पर अमृता देवी बिश्नोई के जीवन पर आधारित नाट्य प्रस्तुति भी छत्तीसगढ़ द्वारा दी गई, जो सराही गई।


