भास्कर संवाददाता|गुना नए साल की पहली रात कोहरे का लिहाफ ओढ़कर आई। गुरुवार-शुक्रवार की रात घना कोहरा छाया रहा। रात में दृश्यता 50 मीटर से भी कम रही। जिले के अधिकांश हिस्सों में घना कोहरा छाया रहा। रात में न्यूनतम तापमान 6.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं अधिकतम तापमान मौसम विभाग के अनुसार 21 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के अनुसार अभी 5 जनवरी से घने से मध्यम कोहरा छाया रहेगा। 6 जनवरी से कोहरे से राहत मिलने की संभावना है। उल्लेखनीय है कि साल के अंत में गुना में बारिश हुई थी। इसके बाद बादल छाए रहे। 30 दिसंबर को बादल छटने के साथ ठंड का दौर शुरू हुआ और 31 दिसंबर व 1 जनवरी को खासी सर्दी महसूस की गई। उल्लेखनीय है कि वर्तमान में जम्मू, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, लद्दाख में बर्फबारी हो रही है, जिससे प्रदेश में सर्द हवाएं आ रही हैं। आने वाले दिनों में बर्फ पिघलेगी। हवा की रफ्तार तेज होगी और प्रदेश में ठंड का असर बढ़ जाएगा। इस कारण जनवरी में मौसम ठंडा ही रहेगा।


