अग्निवीर भर्ती रैली में योगदान देने वाले सेवानिवृत्तों का किया सम्मान

भास्कर न्यूज | धमतरी जिले में बीते दिनों आयोजित राज्य स्तरीय अग्निवीर भर्ती रैली में महत्वपूर्ण योगदान देने तथा जिले के युवाओं को शारीरिक एवं लिखित परीक्षा की तैयारी कराने वाले सेवानिवृत आर्मी अधिकारियों का सम्मान कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने किया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के लिए यह गर्व का विषय है कि भारतीय सेना की राज्य स्तरीय अग्निवीर भर्ती रैली 2026 का आयोजन इस वर्ष 10 जनवरी से 24 जनवरी तक बाबू पंढरी राव कृदत्त इंडोर स्टेडियम में हुआ। प्रदेश के 33 जिलों से कुल 8 हजार 999 अभ्यर्थी शामिल हुए। इस अवसर पर जिले के युवाओं को प्रशिक्षण देने वाले 18 रिटायर्ड आर्मी अधिकारियों के साथ-साथ हाल ही में पंजाब में आयोजित नेशनल लेवल पैरा तीरंदाजी प्रतियोगिता में 5 पदक जीतने वाली चंचल सोनी का सम्मान किया गया। साथ ही राष्ट्रीय सिविल सेवा सेवाओं में चयन होने पर खिलेंद्र कुमार साहू को शील्ड एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। कलेक्टर ने रिटायर्ड आर्मी अधिकारियों से युवाओं को निरंतर प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन देने का आग्रह करते हुए जिला प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। इस अवसर पर एसडीएम पीयूष तिवारी, सहायक खेल अधिकारी जेपी देव आदि उपस्थित थे।
भारतीय सेना में भर्ती के लिए 13 फरवरी को अधिसूचना जारी कर दी गई है। यह अधिसूचना भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है। सेना में भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 13 फरवरी से प्रारंभ होकर 1 अप्रैल तक संचालित की जाएगी। इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी निर्धारित तिथि के भीतर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। अधिसूचना के अंतर्गत अग्निवीर पुरुष जनरल ड्यूटी, तकनीकी, लिपिक/ स्टोरकीपर, ट्रेड्समैन 10वीं पास, ट्रेड्समैन 8वीं पास, अग्निवीर महिला सेना पुलिस तथा स्थायी कैडर के अंतर्गत नर्सिंग असिस्टेंट, नर्सिंग असिस्टेंट एवं सिपाही फार्मा के पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। 1 से 10 जून के बीच होगी परीक्षा: ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (सीईई) का आयोजन संभावित रूप से 1 जून से 10 जून के बीच होगा। परीक्षा की तिथि एवं अन्य विस्तृत जानकारी अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी। अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए सेना भर्ती कार्यालय नया रायपुर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के समीप में हेल्पडेस्क की व्यवस्था की गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *