भास्कर न्यूज | लुधियाना लुधियाना शनिवार को पूरी तरह शिवभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। शिवरात्रि महोत्सव कमेटी द्वारा 39वीं विशाल शोभायात्रा आयोजन किया गया। प्रत्येक वर्ष की तरह इस वर्ष भी शोभायात्रा का मुख्य आकर्षण भगवान भोलेनाथ का विशेष रथ रहा, जिसे विशेष रूप से सोने और चांदी से सुसज्जित किया गया था। इस स्वर्णमयी रथ की चमक दूर से ही भक्तों को अपनी ओर खींच रही थी। हजारों श्रद्धालुओं ने एक साथ रथ की रस्सी खींची तो पूरा वातावरण हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष से गुंजायमान हो उठा। यात्रा का विधिवत शुभारंभ ऐतिहासिक दरेसी ग्राउंड स्थित रामलीला मैदान में दोपहर करीब 3:30 बजे हुआ। यहां यंग बाबा द्वारा विशेष महाआरती की गई, जिसके बाद महादेव का रथ आगे बढ़ा। मीना बाजार, माता रानी चौक और घंटाघर जैसे प्रमुख इलाकों में सैकड़ों भक्त इस शोभायात्रा के सारथी बने। शोभायात्रा घंटाघर पहुंची तो वहां दृश्य अत्यंत अलौकिक और भावुक कर देने वाला था। ढोल-नगाड़ों की गूंज और शंखनाद के बीच भगवान भोलेनाथ, मां काली और गणेश जी की महाआरती की गई। इस अवसर पर बाबा को 56 प्रकार के व्यंजनों का भोग अर्पित किया। यात्रा में विभिन्न झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं, कहीं अघोरी भस्म रमाकर शिव भजनों पर नृत्य कर रहे थे, तो कहीं नंदी महाराज पर विराजमान महादेव के स्वरूप श्रद्धालुओं को दर्शन दे रहे थे। यात्रा मार्ग को रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया था। संस्थाओं द्वारा विशाल भंडारों का आयोजन किया। शिवाला संगला वाला मंदिर में यात्रा का भव्य स्वागत हुआ, जहां विशेष आरती के बाद भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया।


