अजमेर के फायसागर रोड पर स्थित पाराशर कम्यूनिकेशन इलेक्ट्रॉनिक्स शॉप में गुरुवार तड़के करीब 3:30 बजे अचानक आग लग गई, जिससे दुकान में रखा लाखों का सामान जलकर राख हो गया। दुकान के ऊपरी मंजिल पर रह रहे परिवार के सदस्यों ने छत से कूदकर अपनी जान बचाई। पीड़ित ने करीब 1.5 करोड़ रुपए का नुकसान होने का अनुमान लगाया है। दुकान मालिक संजय पाराशर के छोटे भाई विजय पाराशर ने घटना की जानकारी देते हुए कहा कि अचानक धुआं उठता देखा और लपटें भड़क उठीं। ऊपरी मंजिल पर रह रहे उनके छोटे भाई विवेक, पत्नी और बेटे ने जान बचाने के लिए एक मंजिल से छलांग लगा दी। अग्निशमन विभाग के फायर ऑफिसर गौरव तंवर ने बताया कि सुबह करीब 5 बजे आग लगने की सूचना मिली, जिसके बाद दमकल की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। टीम ने एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई। आग की चपेट में आने से दुकान में रखे एसी, कूलर, मोबाइल फोन, गिफ्ट आइटम्स और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह जल गए। ऊपरी मंजिल पर फर्नीचर को भी नुकसान पहुंचा। करीब डेढ़ करोड़ का नुकसान हुआ है। दुकान मालिकों का कहना है कि यह हादसा अचानक हुआ, आग लगने के कारण का पता नहीं चला। देखिए दुकान में आग लगने के PHOTOS…


