अजमेर में पड़ोसी युवती ने की थी बुजुर्ग-महिला की हत्या:घर में घुसकर चाकू-कैंची से 13 वार किए; महंगे शौक पूरे करने के लिए लूटे गहने

अजमेर में बुजुर्ग महिला की हत्या पड़ोस में रहने वाली युवती ने की थी। वह गहने लूटने के इरादे से घर में घुसी थी। वह अपने महंगे शौक पूरे करना चाहती थी। उसने महिला पर चाकू और कैंची से करीब 13 वार किए। दोनों के बीच करीब 10 मिनट तक संघर्ष हुआ था। इस खींचतान में युवती के हाथ पर भी चोट लगी थी। एसपी वंदिता राणा ने मंगलवार को मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया- 1 मार्च को नसीराबाद सदर थाना के ग्राम भटियाणी में कमला देवी (60) की हत्या के मामले में पड़ोस में रहने वाली संजू (20) पुत्री रामदेव को गिरफ्तार किया है। कोर्ट से 3 दिन की रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। घर पर अकेली थी बुजुर्ग महिला
पुलिस ने बताया- बुजुर्ग महिला के बेटे त्रिलोक ने नसीराबाद सदर थाने में शिकायत दी थी। इसमें उसने बताया था कि उसकी मां घर पर अकेली थी। इस दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने लूट के इरादे से घर में घुसकर हत्या कर दी। सोने-चांदी के जेवर भी लूट लिए थे। परिजन ने गांव में आने वाले फेरीवालों पर शक जताया था। घटनास्थल से डॉग स्क्वॉड और FSL टीम की मदद से सबूत जुटाए गए। मुकदमा दर्ज कर पुलिस और डीएसटी टीम ने जांच शुरू की। एसपी वंदिता राणा ने बताया- पहले इलाके के आदतन अपराधियों का डेटाबेस तैयार कर कई लोगों से पूछताछ की गई। पीड़ित के घर के रास्ते में लगे CCTV कैमरे चेक किए गए। लेकिन, कोई सबूत नहीं मिल रहा था। इसके बाद एक टीम को घरों का डोर-टू-डोर सर्वे करने के निर्देश दिए गए। बुजुर्ग महिला की जिस तरह से हत्या हुई थी, उससे नजर आ रहा था कि आरोपी और महिला के बीच जमकर संघर्ष हुआ है। वारदात में इस्तेमाल हुआ चाकू भी टेढ़ा हो रखा था। हाथ पर जख्म का निशान था, बोली- गर्म दूध से जल गया
एसपी ने बताया- इस दौरान पुलिस टीम बुजुर्ग महिला के पड़ोस में रहने वाली युवती संजू के घर पहुंची। युवती अपनी मां के साथ घर पर थी। युवती से पूछताछ करने पर वह घबरा गई। इस दौरान युवती के हाथ पर एक जख्म का निशान नजर आया। पूछा तो युवती ने बताया कि दूध गर्म करते वक्त हाथ जल गया था। इसके बाद सख्ती से पूछताछ करने पर उसने वारदात करना कबूल किया। बुजुर्ग महिला के कपड़े भी सिले थे
पुलिस ने बताया कि युवती गांव में सिलाई का काम करती थी। वह कमला देवी के कपड़े भी सिल चुकी थी। ऐसे में उसकी नजर कमला देवी के गहनों पर थी। उसने 15 दिन तक रेकी की और कमला देवी को अकेला पाकर हमला कर दिया। पूछताछ में सामने आया कि अपने महंगे शौक पूरे करने के इरादे से संजू ने कमला देवी की हत्या कर दी। पुलिस की मौजूदगी में जख्म छुपाती रही
जानकारी के अनुसार, हत्या करने के बाद आरोपी युवती तुरंत अपने घर चली गई और खून के निशान साफ किए। जब पुलिस घटनास्थल पर पहुंची तो घर पर ग्रामीणों की भीड़ आरोपी युवती भी मौजूद थी। हालांकि वह अपने हाथ पर लगा कट और गले पर लगे खरोंच के निशान चुन्नी और कपड़े से छुपाती रही। इनपुट: सुधीर मित्तल, रियाज अहमद नसीराबाद ……………………………. बुजुर्ग महिला की हत्या से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें… अजमेर में महिला की चाकू से गला काटकर हत्या:घर पर लहूलुहान हालत में मिली; हाथ-कान और गले से गहने उतारकर ले गए बदमाश अजमेर में दिनदहाड़े घर में घुसकर चाकू से गला काटकर बुजुर्ग महिला की हत्या कर दी। पड़ोस में रहने वाली नाबालिग जब महिला के घर पहुंची तो वह फर्श पर लहूलुहान हालत में पड़ी थी। उसने आसपास के लोगों को बुलाया, जिन्होंने पुलिस को सूचना दी। मामला नसीराबाद सदर थाना इलाके के भटियानी गांव का शनिवार सुबह 11 बजे का है। (पढ़ें पूरी खबर)

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *