500 रुपए के विवाद में बदमाशों ने पेट्रोल पंप को उड़ाने की कोशिश की। ये बदमाश 3 घंटे में 3 बार पंप पर आए। पहली बार में पेमेंट करने की बात पर बहस की। दूसरी बार फॉर्च्यूनर में बदमाश लेकर आए और लूटपाट मचाई। जब पंप मालिक पुलिस को सूचना देने निकला तो पीछे से पेट्रोल से भरी बोतल पंप मशीन के पास उड़ेल दी और माचिस की तीली फेंक आग लगा दी। गनीमत रही कि पंप कर्मियों ने 35 सेकेंड में ही आग पर काबू पा लिया नहीं तो बड़ा धमाका हो सकता था। वारदात के समय पंप में कुल 50 हजार लीटर पेट्रोल-डीजल था। इसका एक CCTV फुटेज भी सामने आया है। मामला अजमेर के क्रिश्चियनगंज थाना इलाके लोहागल का देर रात 10 बजे का है। क्रिश्चियन गंज थाना प्रभारी अरविंद चारण ने बताया- लोहागल रोड पर देर रात पेट्रोल पंप पर बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया था। मामले में पीड़ित पेट्रोल पंप मालिक अभिमन्यु सिंह ने देवराज, दीपक उर्फ दीपू, देवकरण फौजी, देव, प्रदीप सोनी और खुशीराम फौजी समेत अन्य के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। मुकदमा दर्ज कर अनुसंधान जारी है। आरोपियों को जल्द पकड़कर खुलासा किया जाएगा। 500 रुपए का डीजल भरवाया था क्रिश्चियन गंज थाना पुलिस में शास्त्री नगर निवासी अभिमन्यु सिंह ने मुकदमा दर्ज करवाया है। पीड़ित ने शिकायत देकर बताया कि लोहागल रोड पर उनका पेट्रोल पंप है। 12 दिसंबर की रात्रि 10 बजे के करीब इंडिका कार में प्रदीप सोनी, देवराज, देव, देवा, खुशीराम और दीपक उनके पेट्रोल पंप पर आए और 500 रुपए का डीजल डलवाया था। रिपोर्ट में अभिमन्यु ने बताया- डीजल डलवाने के बाद उन्होंने ऑनलाइन भुगतान किया था। लेकिन, पेमेंट नहीं आने पर कर्मचारी रोहित प्रजापत ने उन्हें कहा कि भुगतान नहीं आया है। इस बात को लेकर विवाद हो गया और कार सवार युवकों ने लड़ाई झगड़ा शुरू कर दिया। बाद में सभी कार सवार युवक वहां से चले गए। दोबारा लौटे- लूटपाट मचाई, किडनैपिंग की कोशिश अभिमन्यु ने रिपोर्ट में बताया कि आधे घंटे बाद 10:30 बजे इंडिका और फॉर्च्यूनर में देवराज उर्फ देवा, दीपक उर्फ दीपू, देव, देवकरण फौजी, खुशीराम फौजी सहित 6-7 लोग आए और पेट्रोल पंप कर्मचारी रोहित प्रजापत के साथ मारपीट शुरू कर दी। उसके पास से पेट्रोल पंप कलेक्शन के करीब 8 हजार छीन लिए। उसके बाद कर्मचारी रोहित ने उनसे बचकर ऑफिस की तरफ भागा। इस दौरान रोहित का भाई यतेंद्र वहां पहुंचा और बदमाशों से बात करने की कोशिश की। तब वह शोर की आवाज सुनकर ऑफिस से बाहर आया था। उसने आरोपियों से बात करने की कोशिश की तो उसके साथ भी मारपीट करते हुए गले से सोने के चैन छीन ली। यतेंद्र का अपहरण करने का प्रयास भी किया। इसके बाद दोनों गाड़ियों में आए बदमाश भाग गए। पुलिस के जाने के बाद फिर लौटे अभिमन्यु ने बताया- उन्होंने तुरंत इसकी उन्होंने क्रिश्चियन गंज थाना पुलिस को दी थी। पुलिस पहुंची और मौका मुआयना भी किया। अभिमन्यु ने बताया कि जब वह पुलिस को रिपोर्ट देने की थाने आ रहा था। तभी 1 बजे सभी बदमाश दोबारा लौटे और पेट्रोल पंप की एक यूनिट पर पेट्रोल भरी बोतल फेंक दी। इससे यूनिट के आसपास भयंकर आग लग गई। वहां पर मौजूद कर्मचारियों ने आग पर काबू पाया। पीड़ित ने बताया कि काबू पाया नहीं तो बड़ी जनहानि हो सकती थी।


