अजमेर जिले के लाखन कोटड़ी क्षेत्र में रविवार शाम एक अनोखी और हैरान कर देने वाली घटना देखने को मिली। एक बंदर अचानक बकरी के छोटे बच्चे को उठाकर पेड़ पर चढ़ गया और करीब एक घंटे तक उसे अपने पास रखकर दुलार करता रहा। मौके पर मौजूद लोगों की सांसें थम गईं, लेकिन हैरानी की बात यह रही कि बंदर ने बच्चे को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो किसी ने अपने मोबाइल में कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पहले देखिए, ये 2 PHOTO’S पेड़ पर बैठकर करता रहा दुलार प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रविवार शाम करीब 6 बजे बंदर अचानक आया और बकरी के बच्चे को उठाकर पास के एक पेड़ पर चढ़ गया। बकरी का मालिक और आसपास के लोग तुरंत मौके पर जमा हो गए। पहले तो लोगों को डर था कि बंदर बच्चे को नुकसान पहुंचा सकता है, लेकिन वह उसे गोद में लेकर शांत बैठा रहा और बीच-बीच में दुलार करता नजर आया। लोगों ने फल फेंककर बचाया बच्चा बकरी के बच्चे को सुरक्षित छुड़ाने के लिए लोगों ने बंदर का ध्यान भटकाने की कोशिश की। उसे फल और अन्य खाने-पीने की चीजें फेंकी गईं, ताकि वह लालच में आकर बच्चे को छोड़ दे। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद बंदर ने आखिरकार बकरी के बच्चे को नीचे छोड़ दिया। नीचे मौजूद लोगों ने तुरंत बच्चे को सुरक्षित अपने कब्जे में ले लिया। देखने उमड़ी भीड़, वीडियो वायरल इस अनोखे दृश्य को देखने के लिए आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। कई लोगों ने अपने मोबाइल फोन से वीडियो भी बना लिया, जो अब सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर तेजी से शेयर किया जा रहा है। गनीमत रही कि इस पूरी घटना में बकरी के बच्चे को कोई चोट नहीं आई। घटना ने जहां लोगों को कुछ देर के लिए चिंता में डाल दिया, वहीं अंत सुखद होने से सभी ने राहत की सांस ली।
……….. पढें ये खबर भी…. अजमेर से चिन्मय, अनुमेहा, विशाखा, शिवेश बने CA:बोले- नियमित रूप से करें पढ़ाई, हताश होने की जरूरत नहीं, मेहनत से हर लक्ष्य सम्भव इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (ICAI) ने जनवरी 2026 में हुई CA Final परीक्षा का रिजल्ट घोषित कर दिया। अजमेर से भी कई स्टूडेन्ट्स पास हुए है। उनके घरों पर मिठाई खिलाई व माला पहनाई तथा खुशी का माहौल है। (पूरी खबर पढें)


