पश्चिमी विक्षोभ के असर से अजमेर में भी मौसम बदल गया है। बादल गरजने के साथ ही आज सुबह हल्की बूंदाबांदी हुई। कोटड़ा, प्रगतिनगर सहित कुछ जगहों पर ओले भी गिरे। बीते 24 घंटों में सुबह साढ़े आठ बजे तक 8.8 एमएम बरसात दर्ज की गई है। बीते 24 घंटे की बात करें तो न्यूनतम तापमान 15.8 डिग्री रहा, जो कल (मंगलवार) से एक डिग्री कम है। सुबह साढे़ आठ बजे तक तापमान 18.6 डिग्री दर्ज किया गया। सुबह से ही घनघोर घटाएं छाई हुई है। बरसात से मौसम खुशनुमा हो गया। मौसम विभाग ने आज भी हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान रात के तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है। 2-3 दिन बाद न्यूनतम पारा 3 से 4 डिग्री तक गिरने की संभावना है। 19 फरवरी सुबह-शाम ठंड महसूस होगी। 20 फरवरी को अलसुबह हल्की सर्द हवाएं चलेंगी। सीजन में 13 दिन रही मावठ सर्दी के इस सीजन में अब तक 12 दिन बारिश दर्ज की जा चुकी है। 30 सितंबर को मानसून समाप्त होने तक कुल 1159 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई थी। इसके बाद सर्दी के सीजन में 1 अक्टूबर को 12.7 मिमी, 2 अक्टूबर को 13.1 मिमी, 6 अक्टूबर को 21.3 मिमी, 7 अक्टूबर को 15.4 मिमी, 27 अक्टूबर को 11 मिमी, 28-29 अक्टूबर को हल्की बूंदाबांदी, 4 नवंबर को 22.7 मिमी, 1 जनवरी को 6.1 मिमी, 23 जनवरी को 7.8 मिमी और 1 फरवरी को 1.1 मिमी बारिश दर्ज की गई। 16 दिनों के अंतराल के बाद मंगलवार रात व बुधवार को सुबह बूंदाबांदी हुई।


