अजमेर में सड़क किनारे चल रहे एक बुजुर्ग को लोडिंग टेम्पो ने टक्कर मार दी। इस घटना में 60 साल के बुजुर्ग मुरारीलाल अटारिया गंभीर घायल हो गए। एक्सीडेंट शहर के श्रीनगर रोड पर सुबह 6 बजे का है। इस टक्कर में मुरारीलाल के सिर पर 16 टांके आए है। वहीं इस घटना का भी सीसीटीवी सामने आया है। मुरारीलाल की हालत गंभीर बताई जा रही है और अभी उनका अजमेर के जेएलएन हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है। टक्कर के बाद 4 फीट उछलकर कर गिरे,खाेपड़ी फट गई मुरारीलाल अटारिया शहर के जादूघर में रहते है। वे हमेशा की तरह रविवार को भी सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। इसी दौरान पीछे से स्पीड में आ रहे लोडिंग टेम्पो ने उन्हें टक्कर मार दी। लोडिंग टेम्पो ड्राइवर आगे चल रहे ऑटो को रॉन्ग साइड से ओवर टेक करते हुए निकला और अटारिया को टक्कर मारी। इसके बाद वे करीब 4 फीट उछलकर सड़क किनारे गिरे। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने मुरारीलाल अटारिया को जेएलएन हॉस्पिटल पहुंचाया। मुरारीलाल के भाई पवनेश अटारिया ने बताया कि उनके सिर पर 16 टांके आए है। खोपड़ी भी फट गई है। हाथ और पैर पर भी गंभीर चोंट आई है। अभी उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। अभी तक वे होश में में नहीं आए है। जिस लोडिंग टेम्पो ने टक्कर मारी उसका इंश्योरेंस 6 महीने पहले एक्सपायर हो चुका मुरारीलाल अटारिया के भतीजे पवन अटारिया ने बताया कि चाचा मुरारीलाल सड़क किनारे ही चल रहे थे। ड्राइवर की लापरवाही की वजह से ये हादसा हुआ है। टक्कर के बाद ड्राइवर भी फरार है। उन्होंने बताया कि लोडिंग टेम्पो RJ01 GD 1035 ने टक्कर मारी थी। इसका इंश्योरेंस 15 अक्टूबर 2024 को ही एक्सपायर हो गया था। इसके बाद भी ये सड़कों पर दौड़ रहा है। पवन ने बताया कि ड्राइवर की लापरवाही की वजह से उनके चाचा जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे है। वहीं अलवर गेट थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह जाखड़ ने बताया कि ड्राइवर की पहचान कर ली गई है और उसकी तलाश की जा रही है।


