अजमेर में 100 साल पुराने ‘इस्लामिया स्कूल’ का नाम बदला:भाजपा महिला मोर्चा ने की थी मांग; अंजुमन कमेटी के सचिव बोले- ऐसे आदेश से हमारा वजूद खत्म नहीं होता

अजमेर शहर में स्थित 100 साल पुराने ‘राजकीय मोइनिया इस्लामिया स्कूल’ का नाम बदल दिया गया है। इसे लेकर शिक्षा विभाग बीकानेर की ओर से आदेश जारी किया गया है। अब ये स्कूल ‘राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय’ के नाम से जाना जाएगा। ये शहर के स्टेशन रोड स्थित है। इस स्कूल में हिंदू और मुस्लिम दोनों समुदाय के बच्चे पढ़ते हैं। भाजपा महिला मोर्चा ने नाम परिवर्तन की मांग उठाई थी। वहीं अंजुमन कमेटी ने इसका विरोध किया था। आदेश के बाद अंजुमन कमेटी के सचिव सरवर चिश्ती ने कहा कि ऐसे आदेशों से हमारा वजूद खत्म नहीं होगा।
भाजपा महिला मोर्चा ने नाम परिवर्तन का उठाया था मुद्दा 10 महीने पहले शहर भाजपा महिला मोर्चा ने स्कूल का नाम परिवर्तन करने को लेकर विधानसभा अध्यक्ष को ज्ञापन दिया था। इसके साथ ही शिक्षा मंत्री के नाम डीईओ को पत्र भी भेजा गया था। अब स्पीकर वासुदेव देवनानी के निर्देश पर माध्यमिक शिक्षा विभाग बीकानेर ने स्कूल के नाम परिवर्तन करने का आदेश जारी किया है। देवनानी ने कहा कि सनातन संस्कृति के अनुरूप स्कूलों के नाम रखे जा रहे हैं। अंजुमन कमेटी के सचिव बोले- ऐसे आदेशों से हमारा वजूद खत्म नहीं होगा अंजुमन कमेटी के सचिव सरवर चिश्ती ने मामले में कहा कि नाम बदलने से न तो इस्लाम का वजूद खत्म होता है और न ही मुसलमान का वजूद खत्म होता है। हमारा गौरवपूर्ण इतिहास रहा है। यह वक्त का पहिया है, जो बदलता रहता है। कल फिर हमारा वक्त होगा। अगर कुछ करना ही था तो उसे इंग्लिश मीडियम कर देते ताकि गरीब परिवारों के बच्चे भी इंग्लिश स्कूल में पढ़ पाते।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *