अजमेर जिले की नसीराबाद सदर थाना पुलिस ने बलवंता चौराहे के एक सूने मकान में गत 16 दिसंबर को दिनदहाड़े हुई करीब 20 लाख रुपए की चोरी के मामले का पर्दाफाश करते हुए वारदात में शामिल एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक केकड़ी राजेश कुमार मील और पुलिस उपाधीक्षक कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि चोरी के मामले में नयापुरा मोहल्ला, ग्राम बस्सी कोटा निवासी शानू उर्फ मोहम्मद शाहनवाज पुत्र अब्दुल हमीद को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के कब्जे से चोरी की वारदात में प्रयुक्त कार भी जब्त की गई है। ये था मामला मामले के अनुसार बलवंता निवासी सूरजमल कराडिया पुत्र नारायण ने गत 17 दिसंबर को सदर थाने में रिपोर्ट देते हुए बताया था कि वह घर से मजदूरी के लिए गया हुआ था और उसकी पत्नी पोता होने के कारण जनाना अस्पताल, अजमेर गई हुई थी तथा पुत्री प्राइवेट स्कूल में पढ़ाने गई थी। लेकिन दोपहर में उसकी पुत्री जब स्कूल से वापिस लौटी तो देखा कि घर के सभी ताले टूटे हुए है। जिस पर उसकी पुत्री ने उसे फोन किया तो वह घर पर पहुंचा। परिवादी का आरोप है कि अज्ञात चोर कमरों में रखी आलमारियों के ताले तोड़कर उसकी पुत्री, पत्नी और पुत्रवधू के लाखों रूपए के सोने-चांदी के जेवरात जिनमें करीब 10 ताेला सोना और 2 किलो चांछी थी एवं करीब 1.80 लाख रुपए चुरा कर ले गए थे। जिस पर सदर थाना पुलिस ने अज्ञात चोरों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर पुलिस कप्तान वंदिता राणा के निर्देशों पर और पुलिस उपाधीक्षक कृष्ण कुमार यादव के सुपरविजन में थाना प्रभारी अशोक बिशु के नेतृत्व में टीम गठित की गई थी। 500 सीसीटीवी खंगालते हुए आरोपी तक पहुंची नसीराबाद सदर थाना प्रभारी अशोक बिशु के नेतृत्व में गठित टीम ने मामले में गहन अनुसंधान करते हुए घटना स्थल के आसपास के सीसीटीवी खंगालते हुए वारदात में शामिल आरोपियों की पहचान सुनिश्चित की। इसके बाद पुलिस टीम ने घटना स्थल बलवंता चौराहे से कोटा शहर तक करीब 500 सीसीटीवी कैमरों का गहन परीक्षण करते हुए तकनीकी सहायता से आरोपी शानू उर्फ मोहम्मद शाहनवाज को कोटा शहर से दस्तियाब कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि उसने अपने 3 अन्य साथियों के मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था और कार में बैठकर फरार हो गए थे। पुलिस ने आरोपी के पास से वारदात में प्रयुक्त कार, चुराई कंठी व नगदी बरामद की। थाना प्रभारी बिशु ने बताया कि वारदात में आरोपी के अन्य साथियों कोटा निवास शादाब पुत्र मोहम्मद हनीफ, इकबाल उर्फ छत्तीस पुत्र निजामुद्दीन और ग्राम दोबड़ी, सांगोद कोटा निवासी चेतन मीणा पुत्र हंसराज की भी पहचान कर ली गई है। जिन्हें शीघ्र ही गिरफ्तार किया जाएगा। आबादी क्षेत्र की रैकी कर सूने मकानों को निशाना बनाते है आरोपी थाना प्रभारी बिशु ने बताया कि आरोपी से पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी चोरी की वारदात को अंजाम देने हेतु कार लेकर निकलते है तथा मुख्य मार्गो से लगते आबादी क्षेत्र के सूने मकानों की रैकी कर वारदात को अंजाम देकर कार लेकर फरार हो जाते है। मामले में शेष तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद आरोपियों से क्षेत्र की अन्य वारदातों के बारे में भी गहनता से पूछताछ की जाएगी। (इनपुट-सुधीर मित्तल,रियाज अहमद,नसीराबाद)


