राष्ट्रीय बीज मसाला केंद्र की ओर से 7 मार्च को अजमेर में इंडस्ट्री मीट एवं किसान मेला-2026 का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में 2 हजार से ज्यादा किसान, कृषि वैज्ञानिक और स्टूडेंट्स सहित अन्य लोग शामिल होंगे। कार्यक्रम की शुरुआत केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी की ओर से की जाएगी। कार्यक्रम के जरिए नई तकनीक के प्रचार प्रसार और कृषि अनुसंधान के बीच तालमेल को बढ़ाने सहित अन्य मुद्दों पर चर्चा होगी। राष्ट्रीय बीज मसाला केंद्र के निदेशक डॉक्टर विनय भारद्वाज की ओर से गुरुवार को इसकी जानकारी दी गई। डॉ विनय भारद्वाज ने बताया कि 7 मार्च को संस्थान परिसर में इंडस्ट्री मीट एवं किसान मेला 2026 का आयोजन होगा। इस कार्यक्रम में देशभर से लगभग 2000 से ज्यादा प्रतिभागियों के शामिल होने की संभावना है। जिसमें किसान, कृषि वैज्ञानिक, शिक्षाविद, उद्योग प्रतिनिधि, स्टूडेंट्स और कृषि क्षेत्र से जुड़े अन्य लोग शामिल होंगे। भारद्वाज ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी की ओर से की जाएगी। इसके साथ इंडियन कौंसिल ऑफ एग्रीकल्चर रिसर्च के महानिदेशक डॉक्टर मांगीलाल जाट भी शामिल होंगे। भारद्वाज ने बताया कि इस अवसर पर बीज मसाला फसलों से संबंधित उद्योग, कृषि अनुसंधान के बीच समन्वय को बढ़ावा देने, नई तकनीक के प्रसार तथा किसानों और उद्योगों के बीच संवाद स्थापित करने पर विशेष जोर दिया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों के विचार विमर्श, तकनीकी प्रस्तुतियां प्रौद्योगिकी की पुस्तिका का डिटेल विमोचन और विभिन्न संस्थाओं और उद्योगों के बीच एमओयू भी किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि यह आयोजन बीजीय मसाला क्षेत्र में रिसर्च, प्रोडक्शन, प्रोसेसिंग और मार्केटिंग को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान करेगा जिससे किसानों, उद्योगों और शोध संस्थानों के बीच सहयोग को नई दिशा मिलेगी।


