अलवर जिला परिषद कार्यालय में मंगलवार को कर्मचारियों के बीच आपसी विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट तक पहुंच गया। घटना में अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी जितेंद्र कुमार सैनी के सिर और मुंह पर चोटें आईं, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल अधिकारी ने बताया कि तिजारा पंचायत समिति में कार्यरत एलडीसी नाहर सिंह अपने बेटे के साथ एक वेतन संबंधी फाइल को लेकर कार्यालय में आया था। फाइल पर चर्चा के दौरान उन्हें उच्च अधिकारियों से बात करने की सलाह दी गई, जिस पर एलडीसी नाहर सिंह और उसका बेटा अचानक आक्रोशित हो गए और लात-घूसों से हमला कर दिया। जितेंद्र कुमार सैनी के अनुसार, हमले के दौरान उनके सिर और मुंह पर गंभीर चोटें आईं। कार्यालय में मौजूद अन्य कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत के बाद बीच-बचाव कर उन्हें बचाया। सूचना पर अरावली विहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी एलडीसी व उसके बेटे को हिरासत में लेकर पुलिस के सुपुर्द किया गया। घायल अधिकारी को बाद में कर्मचारियों की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।


