भास्कर न्यूज | अमृतसर सुप्रीम कोर्ट के आदेशों पर एडिश्नल कमिश्नर ने स्ट्रे डॉग्स को मैनेज करने के लिए जो प्लान बनाया था अब अधर में चला गया है। 27 दिन पहले हेल्थ अफसरों संग मीटिंग कर डॉग्स के फीडिंग को लेकर शहर में 5 जगह चिन्हित करने के निर्देश दिए थे लेकिन हेल्थ विभाग इस पर कोई कार्रवाई नहीं कर पाया। वहीं, डॉग्स लवर्स से चर्चा पर हर वार्ड में 5-5 प्वाइंट बनाने का प्लान भी फेल ही रहा है। हैरानीजनक यह है कि स्ट्रे डॉग्स को मैनेज करने के लिए सुप्रीम कोर्ट ने सख्त आदेश दिए हैं लेकिन हेल्थ विभाग गंभीर नजर नहीं आ रहा है। कार्रवाई सिर्फ कागजों तक सिमटकर रह गई है। बता दें कि बीते 20 जनवरी को एडिश्नल कमिश्नर सुरिंदर सिंह ने हेल्थ अफसर डॉ. गीतू सरीन, सीएसओ मलकीयत सिंह, सीएसआई सरबजीत सिंह, विजय गिल व अन्य अफसरों संग मीटिंग की थी। स्ट्रे डॉग्स मैनेज करने को लेकर फीडिंग प्वाइंट तय किए जाने व इससे जुड़े अन्य कामों के देखरेख को लेकर हेल्थ अफसर कम नोडल अफसर डॉ. गीतू चावला से सवाल किया गया कि डॉग्स के लिए शहर में 5 फीडिंग प्वाइंट चिन्हित किए जाने थे। मामले में क्या कार्रवाई अब तक हुई है। कौन-कौन से जगह तय किए जा चुके हैं। यदि नहीं किए जा सके तो क्या मुश्किलें आ रही है। यह योजना कब तक ग्राउंड पर लाई जा सकेगी। लेकिन चुप रहना जरूरी समझा। मीटिंग में स्पष्ट निर्देश दिया था कि सभी मेडिकल ऑफिसर्स ऑफ हेल्थ व फील्ड अफसर अपने-अपने क्षेत्रों-वार्डों में निरीक्षण कर उपयुक्त फीडिंग प्वाइंट्स की पहचान करें। वार्ड-वार फीडिंग प्वाइंट्स के पहचान की प्रक्रिया 7 दिनों में पूरा कर लिस्ट सौंपेंगे। स्थानों का चयन करते समय जन-सुरक्षा, स्वच्छता, बच्चों व आम नागरिकों की सुविधा का विशेष ध्यान रखें। इस योजना को ग्राउंड लेवल पर लाने के लिए हेल्थ अफसर डॉ. गीतू सरीन को नोडल अफसर लगाया गया है लेकिन 10 दिन पहले बीते 7 फरवरी को एडिश्नल कमिश्नर का तरनतारन में एडीसी डवलपमेंट रूरल के पोस्ट पर तबादला हो गया। जिसके बाद योजना को मूर्त रूप देने में विराम सा लग गया है। हैरानीजनक है कि सुप्रीम कोर्ट से आदेश के बावजूद हेल्थ विभाग बेपरवाह नजर आ रहा है। स्ट्रे डॉग्स को मैनेज करने के लिए न कोई मीटिंग न ही आगे की तैयारी नजर आ रही है।


