अधिकारी सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं का समय पर क्रियान्वयन सुनिश्चित करें :यादव

भास्कर न्यूज | बालोतरा शहर के कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को कलेक्टर सुशील कुमार यादव की अध्यक्षता में विभागीय साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिले के समस्त विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों ने भाग लिया तथा विभिन्न विभागीय योजनाओं, विकास कार्यों व जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की प्रगति से कलेक्टर को अवगत कराया। बैठक के दौरान कलेक्टर ने प्रत्येक विभाग की योजनाओं की बिंदुवार समीक्षा करते हुए निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य एवं केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक समयबद्ध रूप से पहुंचे, यह सभी अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। बैठक में प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों, स्वीकृतियों एवं स्थापना कार्यों की स्थिति पर चर्चा की गई। कलेक्टर यादव ने मंगला पशु बीमा योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए पशुपालकों को बीमा सुरक्षा से जोड़ने एवं पशुधन हानि की स्थिति में त्वरित क्लेम निस्तारण सुनिश्चित करने, मानसून सत्र में जर्जर एवं क्षतिग्रस्त भवनों की मरम्मत एवं आवश्यक कार्यों की समयपूर्व पूर्णता के निर्देश दिए। बैठक में कुसुम योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए कृषि क्षेत्र में सौर ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देने के निर्देश दिए, वहीं लाडो प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत लाभार्थियों की स्थिति एवं भुगतान प्रगति की जानकारी ली। कलेक्टर ने कहा कि राज्य एवं केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी व पारदर्शी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्य करें तथा प्रत्येक योजना की प्रगति की नियमित मॉनिटरिंग करें। इस दौरान एडीएम भुवनेश्वरसिंह चौहान ने सतर्कता प्रकरणों की स्थिति पर विस्तार से चर्चा करते हुए लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश देते हुए पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने राजस्थान संपर्क पोर्टल पर प्राप्त परिवेदनाओं के निस्तारण की प्रगति की भी समीक्षा की गई तथा अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि आमजन की शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि अधिकारी परिवादी के संतुष्टि स्तर का विशेष ध्यान रखें, नियमित मॉनिटरिंग करें। राजस्थान संपर्क पोर्टल पर प्राप्त परिवेदनाओं का 10 दिवस में राहत देने का प्रयास करें। बैठक में एसीईओ हीराराम कलबी, एएसपी हरफूलसिंह, नगर परिषद आयुक्त रामकिशोर मेहता, सीएमएचओ डॉ. वांकाराम चौधरी, डिस्कॉम एसई दिग्विजयसिंह, जल विभाग के अधिशाषी अभियंता छत्राराम, डीएसओ हजारीलाल आलोरिया, डीटीओ भगवान गहलोत, महिला एवं बाल विकास विभाग के उप निदेशक नितिन गहलोत, जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक दुष्यंत पटेल समेत सभी जिला स्तरीय अधिकारी तथा प्रशासनिक अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *