बालाघाट जिला पंचायत सीईओ अभिषेक सराफ के खिलाफ मंगलवार को अधिवक्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। इस दौरान अधिवक्ताओं ने नारेबाजी की और डिप्टी कलेक्टर प्रदीप कौरव को ज्ञापन देकर कार्रवाई की मांग की। जनसुनवाई में हुआ था विवाद यह पूरा मामला हाल ही में हुई जनसुनवाई से जुड़ा है। अधिवक्ताओं का आरोप है कि जनसुनवाई के दौरान जिला पंचायत सीईओ ने एक अधिवक्ता के साथ अमर्यादित व्यवहार किया, जिससे अधिवक्ता का आत्मसम्मान आहत हुआ। आराेप- आवेदन लेने से किया इनकार शिकायतकर्ता अधिवक्ता कपिल शिवहरे ने बताया कि वे अपने पक्षकार के साथ जनसुनवाई में शिकायत आवेदन लेकर पहुंचे थे। आरोप है कि जनसुनवाई में बैठे सीईओ अभिषेक सराफ ने उनका आवेदन लेने से इनकार कर दिया। साथ ही पक्षकार से कहा गया कि उनके वकील उन्हें गुमराह कर रहे हैं और उन्हें सीधे कोर्ट जाने की सलाह दी गई। मानसिक आघात पहुंचाने का आरोप अधिवक्ता कपिल शिवहरे ने कहा कि एक प्रशासनिक अधिकारी द्वारा इस तरह की टिप्पणी से उन्हें मानसिक पीड़ा पहुंची है। उन्होंने इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी अधिवक्ता संघ को दी, जिसके बाद सभी अधिवक्ता एकजुट होकर विरोध में उतर आए। कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि इस मामले में सीईओ के खिलाफ कोई दंडात्मक कार्रवाई नहीं की गई, तो वे उग्र आंदोलन करेंगे। पूर्व अध्यक्ष प्रवेश मलेवार ने कहा कि किसी भी अधिकारी को अधिवक्ता के सम्मान को ठेस पहुंचाने का अधिकार नहीं है।


