अधिवक्ता की हत्या पर देवास में प्रदर्शन:प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की मांग, कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

देवास में अधिवक्ताओं ने शिवपुरी के अधिवक्ता संजय कुमार सक्सेना की हत्या के विरोध में प्रदर्शन किया। देवास जिला अभिभाषक संघ ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा और अधिवक्ता प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की मांग की। अभिभाषक संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि शिवपुरी के अधिवक्ता संजय कुमार सक्सेना की 14 फरवरी 2026 को अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस घटना से प्रदेशभर के अधिवक्ताओं में गहरा आक्रोश है। अधिवक्ताओं का कहना है कि वे लंबे समय से अपनी सुरक्षा के लिए एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की मांग कर रहे हैं। उनके अनुसार, अधिवक्ताओं पर लगातार हो रहे हमलों के कारण उनमें भय और असुरक्षा का माहौल है। इसी के चलते मध्यप्रदेश राज्य अधिवक्ता परिषद के आह्वान पर देवास अभिभाषक संघ ने न्यायालयीन कार्य से विरत रहकर विरोध दिवस मनाया। जिला अभिभाषक संघ के सचिव अतुल पांड्या ने कहा कि उन्होंने शासन से जल्द से जल्द अधिवक्ता प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की मांग की है। उनका मानना है कि इससे अधिवक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित हो सकेगी और ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सकेगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *