भास्कर न्यूज | गीदम नगरीय निकायों में सम्पन्न हुए चुनावों के बाद शनिवार को जिले की व्यावसायिक नगरी गीदम के नव निर्वाचित अध्यक्ष व पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित हुआ। नगर के पुराने बस स्टैंड में हुए समारोह में नगर पालिका अध्यक्ष रजनीश सुराना ने सबसे पहले पद व निष्ठा की शपथ ली। इसके बाद पार्षदों को सामूहिक रूप से शपथ दिलाई गई। एसडीएम विवेक चंद्रा ने यह शपथ दिलाई। इस मौके पर विधायक चैतराम अटामी, पूर्व वन मंत्री महेश गागड़ा, जिलाध्यक्ष भाजपा संतोष गुप्ता, पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष मनीष सुराना, जिला पंचायत उपाध्यक्ष अरविंद कुंजाम, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष अभिलाष तिवारी, नवीन विश्वकर्मा, पर्यटन मंडल पूर्व उपाध्यक्ष विजय तिवारी, भाजपा महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष ममता गुप्ता, ग्राम पंचायत हारम एक की सरपंच प्रमिला सुराना उपस्थित रहे। इस दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष रजनीश सुराना ने अपने अध्यक्षीय भाषण में लोगों की मूलभूत सुविधाओं को पूरा करते हुए नगर के सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान देने की बात कही। उन्होंने कहा कि हम सभी लोगों को साथ मिलकर काम करेंगे और नगर का विकास करेंगे हमारा लक्ष्य है सबका साथ सबका विकास इसी ध्येय को लेकर हम नगर विकास के लिए काम करेंगे। शपथ ग्रहण समारोह के तुरंत बाद नगर पंचायत कार्यालय में उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव हुआ। इसमें भाजपा की माधुरी गुप्ता निर्विरोध उपाध्यक्ष निर्वाचित हुईं। गौरतलब है कि वे वार्ड 11 से पार्षद हैं।


