अपना गला काटकर एसपी ऑफिस आ गया युवक, पुलिस ने पहुंचाया अस्पताल

भास्कर न्यूज | रायगढ़ एसपी कार्यालय में बुधवार की शाम युवक लहूलुहान हालत में पहुंच गया। युवक के गले पर गहरे कट का निशान था और खून बह रहा था। उसने धारदार हथियार से अपना गला काट लिया था। उसे देखते ही कार्यालय में मौजूद अधिकारी और कर्मचारी घबरा गए। जानकारी के अनुसार इंदिरा नगर निवासी संजू बघेल मोहल्ले की कुछ महिलाओं से विवाद के बाद खुद का गला काटकर एसपी कार्यालय पहुंचा। उसका कहना है कि मोहल्ले की कुछ महिलाएं और अन्य लोग आए दिन उससे झगड़ा करते हैं। संजू बघेल ने बताया कि पूर्व में मोहल्ले में एक ऑटो जलाने की घटना हुई थी, जिसका आरोप उस पर लगाकर उसके साथ मारपीट की गई थी। उसने सिटी कोतवाली में शिकायत भी की थी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। बुधवार को फिर विवाद होने पर वह सीधे एसपी कार्यालय पहुंच गया। युवक का कहना था कि उसकी शिकायत पर कार्रवाई नहीं हुई तो आत्महत्या ही उसके पास एकमात्र रास्ता बचेगा। खून से लथपथ हालत में पहुंचे युवक को पुलिस ने तुरंत अस्पताल भेजा, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे सिटी कोतवाली लाया गया। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है। महिलाओं ने युवक के खिलाफ दी शिकायत मोहल्ले की महिलाओं ने भी संजू बघेल के खिलाफ लिखित शिकायत दी है। उनका आरोप है कि वह आदतन बदमाश है और आए दिन गाली-गलौज और मारपीट करता है, जिससे मोहल्लेवासी परेशान हैं। पुलिस दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *