भास्कर न्यूज | कवर्धा जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा मंगलवार को दुर्ग में बच्ची के साथ हुए दुष्कर्म के विरोध में भाजपा सरकार का पुतला दहन किया। धरना प्रदर्श के बाद कार्यकर्ताओं ने शाम 4 बजे कांग्रेस भवन, सिग्नल चौक में पुतला जलाया। जिला अध्यक्ष होरी राम साहू ने बताया कि दुर्ग के मोहन नगर थाना क्षेत्र में 6 साल की बच्ची के साथ दुराचार और हत्या की घटना ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया है। महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों को लेकर कांग्रेस ने यह विरोध दर्ज कराया। साहू ने कहा कि प्रदेश की कानून व्यवस्था पूरी तरह फेल हो चुकी है। बच्ची के परिजनों को न्याय दिलाने और गृह मंत्री विजय शर्मा के इस्तीफे की मांग को लेकर मुख्यमंत्री का पुतला जलाया गया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के लोग इस घटना से शर्मसार हैं। मुख्यमंत्री और गृह मंत्री को तुरंत इस्तीफा देना चाहिए। कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमेटी, महिला कांग्रेस, शहर कांग्रेस, ब्लॉक कांग्रेस, सेवादल, सेक्टर और बूथ कांग्रेस कमेटियों के सभी पदाधिकारी मौजूद रहे।