सागर की गोपालगंज थाना पुलिस ने अपहरण कर युवक के साथ लूट की वारदात करने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक नाबालिग शामिल है। पूछताछ में उनके कब्जे से लूटी गई सोने की अंगूठी और वारदात में उपयोग किया ऑटो जब्त किया गया है। मामले में पुलिस ने आरोपियों का थाना क्षेत्र में जुलूस निकाला। लोगों को अपराध से दूर रहने का संदेश दिया गया। पुलिस के अनुसार, 6 फरवरी को फरियादी दीपक राय निवासी तिरुपतिपुरम ने थाने में शिकायत की थी। शिकायत में बताया कि वह एसबीआई कियोस्क सेंटर के पास अपनी बाइक लेकर खड़ा था। इसी दौरान आरोपी धीरज कोरी, अमन अहिरवार, विवेक जैन और एक नाबालिग इलेक्ट्रॉनिक ऑटो से मौके पर आए। उन्होंने पुरानी रंजिश के चलते गालीगलौज शुरू कर दी। गाली देने से मना किया तो धीरज ने उसकी पीठ पर चाकू अड़ाया और जबरन ऑटो में बैठा लिया। जिसके बाद आरोपी ऑटो को लेकर शहर में घूमते रहे। रास्ते में फरियादी के साथ मारपीट की गई। वह बाघराज वार्ड क्षेत्र के सुनसान इलाके में ले गए। जहां पर चाकू की दमकर दोबारा मारपीट की। अंगूली में पहनी अंगूठी छीन ली। फरियादी जैसे-तैसे मौके से भागा और घर पहुंचा। परिवार को घटना की जानकारी दी। परिवार के साथ गोपालगंज थाने पहुंचकर शिकायत की। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। जुलूस के रूप में कोर्ट लेकर पहुंची पुलिस वारदात सामने आते ही आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें गठित कर लगाई गईं। टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी। कार्रवाई करते हुए रविवार को आरोपी धीरज पिता महेश कोरी उम्र 34 वर्ष, अमन पिता अच्छेलाल अहिरवार उम्र 22 वर्ष, विवेक पिता वीरेंद्र जैन उम्र 23 वर्ष और नाबालिग को गिरफ्तार किया। थाने लाकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपियों के कब्जे से लूटी गई सोनी की अंगूठी बरामद की गई। इसके साथ ही वारदात में उपयोग किया गया इलेक्ट्रॉनिक ऑटो, चाकू और डंडा जब्त किया गया है। पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपियों को जुलूस निकाला। मुख्य आरोपी आदतन अपराधी है गोपालगंज थाना प्रभारी घनश्याम शर्मा ने बताया कि अपहरण और लूट के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया। अपचारी बालक को किशोर न्यायालय में पेश किया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी धीरज आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ पूर्व से कई अपराध दर्ज हैं।


