अपार आईडी में लापरवाही, 15 निजी स्कूलों की मान्यता हो सकती है रद्द

सिटी रिपोर्टर| बिलासपुर जिले के निजी स्कूलों द्वारा सरकारी दिशा-निर्देशों की अनदेखी करना अब उन पर भारी पड़ने वाला है। विद्यार्थियों की डिजिटल पहचान यानी अपार आईडी बनाने और यू-डाइस पोर्टल पर आधार नंबर की एंट्री में लापरवाही बरतने वाले 15 निजी स्कूलों को नोटिस जारी किया गया है। कलेक्टर एवं जिला मिशन संचालक (समग्र शिक्षा) ने इन स्कूलों को कारण बताओ नोटिस जारी कर दो दिनों के भीतर स्पष्टीकरण देने को कहा है, ऐसा नहीं होने पर मान्यता रद्द करने की कार्रवाई की जाएगी। विभागीय समीक्षा में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि जिले के कई बड़े शिक्षण संस्थानों ने बार-बार दिए गए निर्देशों के बावजूद पोर्टल पर डेटा अपडेट करने में कोई रुचि नहीं दिखाई। समीक्षा के दौरान पाया गया कि इन स्कूलों में आधार नंबर की एंट्री का काम न केवल धीमी गति से चल रहा है, बल्कि उच्च कार्यालय के आदेशों की भी खुलेआम अवहेलना की जा रही है। कलेक्टर ने इसे गंभीर प्रशासनिक लापरवाही माना है। प्रशासन ने लोयोला उ.मा. विद्यालय, ब्रिलियंट पब्लिक स्कूल बहतराई, फेरीक्वीन विद्यालय भारतीय नगर, एसईसी रेलवे अंग्रेजी माध्यम, ड्रीमलैण्ड अरविंद नगर, बर्जेश अंग्रेजी माध्यम, चैतन्य टेक्नो तोरवा, सेंट फ्रांसिस, फ्रेग्रेश कॉन्वेंट, फ्यूचर साइन अंग्रेजी माध्यम, न्यू एंबीशन पब्लिक स्कूल, सीता देवी नेवसा, जैन इंटरनेशनल स्कूल, विवेकानंद उ.मा. बसहा और केन्द्रीय जेल को नोटिस जारी किया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *