अफवाहों पर ध्यान न दें, धार्मिक भावना आहत न करें : डीएसपी

भास्कर न्यूज|गिरिडीह गिरिडीह में आगामी होली पर्व को शांति और भाईचारे के माहौल में मनाने के लिए नगर और मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में रविवार को शांति समिति की बैठकें की गईं। नगर थाना सभागार में हुई बैठक में सदर सीओ जीतेंद्र प्रसाद और हेडक्वार्टर डीएसपी वन नीरज कुमार सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। बैठक की अध्यक्षता नगर थाना प्रभारी नीरज कुमार सिंह व संचालन लड्डू खान ने किया। डीएसपी ने कहा कि होली पर्व हर्षोल्लास और भाईचारे का पर्व है। उन्होंने निर्देश दिए कि शहर में शराब पीकर हुड़दंग करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी और डीजे बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। सभी चौक-चौराहों पर पुलिस बल तैनात रहेगा। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि सोशल मीडिया पर अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध संदेश की सूचना तुरंत पुलिस को दें। सदर सीओ ने यह भी कहा कि होली और रमजान एक साथ चल रहे हैं, इसलिए दोनों समुदाय शांति और भाईचारे के साथ पर्व मनाएं, किसी को जबरन गुलाल न लगाएं। इसी तरह मुफ्फसिल थाना सभागार में भी बैठक आयोजित की गई, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में सदर बीडीओ गणेश कुमार रजक उपस्थित थे और बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो ने की। उन्होंने भी लोगों को होली और ईद की शुभकामनाएं देते हुए स्पष्ट किया कि शराब पीकर चौराहों पर हुड़दंग करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी, होलिका दहन केवल निर्धारित सुरक्षित स्थानों पर होगा, और थाना क्षेत्र के सभी संवेदनशील स्थानों पर पुलिस एवं दंडाधिकारी तैनात रहेंगे। बैठकों में वार्ड पार्षद अशोक राम, मो. डाभो, मो. गांधी, कमल साहु ,श्याम कुमार, मुखिया शिव नाथ थे। बड़की सरिया| होली पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण तरीके से मनाने के लिए शांति समिति की बैठक की गई। अध्यक्षता बीडीओ ललित नारायण तिवारी व संचालन इंस्पेक्टर अजय कुमार ने किया। बीडीओ ने कहा िक होली के दौरान अश्लील गानों और डीजे के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने, हुड़दंग मचाने या अशांति पैदा करने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने, दिन-रात गश्त बढ़ाने, अग्निशमन व्यवस्था, बिजली के सुरक्षित उपयोग और स्वयंसेवकों की सक्रिय भागीदारी जैसे उपायों की रूपरेखा प्रस्तुत की। सभी नागरिकों से अपील की कि होली को आपसी प्रेम, सद्भाव और भाईचारे के साथ मनाया जाए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *