उदयपुर विकास प्राधिकरण (UDA) की टीम ने शहर में हो रही अवैध पहाड़ीकटिंग के विरूद्ध कार्रवाई की। टीम ने राजस्व ग्राम बड़ी, वरडा, एवं मदार में निरीक्षण किया तो वहां कई नियम विपरीत निर्माण हो रहे थे जिन पर कार्रवाई को अंजाम दिया। प्राधिकरण आयुक्त राहुल जैन ने बताया कि गुरुवार को जब टीम के साथ मौके पर गए तो राजस्व ग्राम बड़ी 100 फीट रोड पर एक भवन निर्माण किया जा रहा था जिसे मौके पर रुकवाया गया एवं इसकी निर्माण स्वीकृति के सम्बन्ध मे जांच कर मौके से निर्माण सामग्री जब्त की गई। कमिश्नर ने बताया कि प्राधिकरण टीम ने राजस्व ग्राम वरड़ा के आराजी संख्या 50 4216 / 50, 4217 / 50 आदि पर मानवेन्द्र सिंह, गौरव राठौड़ द्वारा निर्माण कराया जा रहा था। टीम ने वहां अवैध पहाड़ी कटिंग के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 4 कंक्रीट सीमेंट मिक्सर ट्रक एवं 1 एक्सकेवेटर को जब्त किया। मौके पर पक्की रोड डाली जा रही थी एवं निर्माणाधीन भवनों की छत डालने की तैयारी की जा रही थी। आयुक्त जैन ने बताया कि उपरोक्त भूखण्ड पर खातेदारा द्वारा पहाड़ी के शीर्ष पर होटलनुमा भवन बनाया जा रहा था एवं मौके पर पहुंचने के लिए पहाड़ों की कटिंग कर रास्ता भी बनाया गया था जो कि पहाड़ो के सम्बन्ध में लागू मॉडल विनिमय–2024 का स्पष्ट उल्लघंन था। मौके पर आयुक्त एवं प्राधिकरण टीम द्वारा निर्माणकर्ता को निर्माण रोकने एवं सम्बन्धित पट्टा निर्माण स्वीकृति भी पेश करने के लिए पाबन्द किया। इस दौरान टीम में तहसीलदार डॉ. अभिनव शर्मा, भू-अभिलेख निरीक्षक राजेन्द्र सेन, बाबूलाल तेली आदि मौजूद रहे। गौरतलब है कि माह अगस्त में प्राधिकरण में सम्मिलित नवीन ग्रामों के जोन निर्धारण होने के पश्चात् प्राधिकरण द्वारा नवीन अवैध निर्माण, पहाड कटिंग, पहाड़ों को काटकर रास्ते निर्माण के विरूद्ध कार्रवाई की जा रही है।


