दुर्ग जिले के समोदा गांव में अफीम की खेत की जांच शनिवार को पूरी हो गई है। खेती करने वाले भाजपा नेता विनायक ताम्रकर समेत 3 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। विनायक ताम्रकार ने शिवनाथ नदी के किनारे 110 एकड़ का फार्म हाउस बनाया था, जिसे फेंसिंग से घेर रखा था। करीब 11 एकड़ में मक्का-गेहूं की फसल के बीच अफीम का खेती कर रहा था। पुलिस ने खेत से 14.30 लाख अफीम के पौधे जब्त किए हैं। पुलिस के मुताबिक जब्त पौधों की कीमत करीब 7.88 करोड़ है। इस बीच, संलिप्तता सामने आने के बाद भाजपा संगठन ने विनायक ताम्रकार को निलंबित कर दिया है। इस घटनाक्रम के बीच भास्कर भी समोदा गांव में मौके पर पहुंचा। वहां पता लगा कि भाजपा नेता ही पूरे फार्म हाउस का रखरखाव करता था। राजस्थान से आए मजदूरों के रहने के लिए मकान और बाकी सुविधाएं भी वही उपलब्ध कराता था। फार्म हाउस की सुरक्षा के लिए बाउंसर भी रखे हुए थे। गेट लगे होने के कारण फार्म हाउस में सिर्फ बीजेपी नेता ही जा पाता था। गांव वालों को भी फार्म हाउस के आसपास भटकने नहीं दिया जाता था। और तो और फसल की निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे तक लगा रखे थे। कलेक्टर अभिजीत सिंह ने बताया कि अफीम की खेती विनायक अपनी निजी भूमि पर कर रहा था। अगस्त में डिजिटल सर्वे के दौरान पता चला था कि फार्म हाउस के कुछ हिस्से में उसने मक्का और गेंहूू की फसल लगाई थी। इन्हीं फसलों के बीच में अफीम के पौधे लगाए गए थे। एएसपी सुखनंदन राठौर और मणिशंकर चंद्रा के मुताबिक शनिवार को कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए थे। फार्म हाउस में घुसने का प्रयास करने के दौरान ग्रामीण और पुलिस के बीच धक्कामुक्की भी हो गई थी। पूर्व सीएम भूपेश का तंज- कमल के फूल वाली पार्टी के नेता अफीम के फूल उगा रहे इस बीच, सियासत गर्माने लगी है। शनिवार को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी समोदा गांव में अफीम के खेत पहुंचे। उन्होंने कहा- पुलिस और प्रशासन के नाक के नीचे अफीम की खेती हो रही है। उन्होंने कहा कि गांव वालों ने बताया कि विनायक ताम्रकार का 100 एकड़ का फार्म हाउस है। करीब 150 एकड़ में अवैध कब्जा भी है। सरकार बताए कि इस अवैध खेती में कौन-कौन मंत्री विधायक शामिल थे। इस मामले को विधानसभा में उठाऊंगा। भूपेश ने खेत की ओर इशारा करते हुए कहा- इन तस्वीरों को ध्यान से देखिए… अब जब कड़ियां जुड़ रही हैं तो समझ आ रहा है कि खेल बड़ा है। कमल के फूल वाली पार्टी के नेता अपने 10 एकड़ खेत में अब अफीम के पौधे और फूल उगा रहे हैं। उन्होंने सरकार से सवाल किए
राजनीतिक द्वेष में की गई कार्रवाई, जमीन मेरी नहीं: ताम्रकर
चोरी छिपे अफीम उगाने को लेकर विनायक का कहना है कि उन्हें अफीम की खेती की कोई जानकारी नहीं थी और जमीन अधिया पर दी गई थी। जिस जमीन में अफीम की खेती की जा रही थी, वो मेरी नहीं है। उसने कार्रवाई को द्वेषपूर्ण बताया है। दो फरार, राजस्थान तक तलाश : विनायक, उसके सहयोगी विकास विश्नोई और फार्म हाउस के मुंशी मनीष ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में दो लोगों को और आरोपी बनाया गया है। दोनों फरार हैं, उनकी तलाश में टीम राजस्थान गई हुई है।


