छत्तीसगढ़ में नारायणपुर जिले के अबूझमाड़ में 12 दिसंबर को हुई मुठभेड़ में 4 नाबालिगों को भी गोली लगी है। पुलिस का दावा है कि नक्सलियों ने इन्हें बड़े लीडर्स को बचाने के लिए ढाल की तरह इस्तेमाल किया। अब जब पुलिस को गोली लगने की जानकारी मिली तो इनके इलाज के लिए व्यवस्था करवाई जा रही है। दरअसल, इस मुठभेड़ में जवानों ने 40 लाख रुपए के 7 नक्सलियों को भी ढेर किया था। इनमें 25 लाख रुपए का इनामी नक्सली रामचंद्र उर्फ कार्तिक उर्फ दसरू भी शामिल था। पुलिस को मिली जानकारी बस्तर आईजी सुंदरराज पी. ने बताया कि मुठभेड़ के 6 दिनों बाद पुलिस को जानकारी मिली कि नक्सली अपने लीडर रामचंद्र उर्फ कार्तिक को बचाने के लिए ग्रामीणों को ढाल बनाए थे। जब पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई तो नक्सलियों ने ग्रामीणों और बच्चों को आगे कर दिया था। इसी दौरान फायरिंग में 4 नाबालिगों को गोली लग गई। जिनका गांव में ही जड़ी-बूटियों से इलाज किया जा रहा था। वहीं पुलिस का दावा है कि इस मुठभेड़ में करीब 4 से 5 नक्सली भी घायल हुए हैं। जिनका उनके साथी अबूझमाड़ के जंगल में ही इलाज कर रहे हैं। वहीं जिन नाबालिगों को गोली लगी है उन्हें गांव से निकालकर अस्पताल लाने का प्रयास किया जा रहा है। सामान ढोने रखे थे साथ जानकारी के मुताबिक नक्सलियों ने ग्रामीणों को अपने साथ रखा था। ग्रामीण नक्सलियों का सामान ढोकर एक जगह से दूसरी जगह शिफ्ट कर रहे थे। उसी समय जवानों ने नक्सलियों को घेर लिया था। जिसके बाद दोनों तरफ से फायरिंग हुई। फिर नक्सलियों ने ग्रामीणों को आगे कर दिया था। मुठभेड़ में मारा गया कार्तिक इस मुठभेड़ में रामचंद्र उर्फ कार्तिक उर्फ दसरू मारा गया। ये ओडिशा स्टेट कमेटी का सदस्य था। दसरू पर छत्तीसगढ़ में 25 लाख रुपए का इनाम घोषित था। वह बीमार था और पिछले करीब 2 साल से बस्तर के अबूझमाड़ के जंगल में रह रहा था। दसरू को करीब 4 लोग लेकर चलते थे। अबूझमाड़ मुठभेड़ से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें… इंजीनियर से बना नक्सली…एनकाउंटर में ढेर: ओडिशा से अबूझमाड़ आया था 25 लाख का इनामी रामचंद्र; 70% आंखें थी खराब बस्तर के अबूझमाड़ एनकाउंटर में फोर्स ने 25 लाख रुपए के हार्डकोर इनामी नक्सली रामचंद्र को मार गिराया है। संगठन में आने से पहले ये इंजीनियर रह चुका है। रामचंद्रम पिछले कई सालों से बीमार था। आंखें 70 प्रतिशत खराब हो चुकी थी। संगठन के 4 लोग इसे पकड़कर चलते थे। कुछ साल पहले ही यह ओडिशा से अबूझमाड़ आया था। दरअसल, छत्तीसगढ़ के बस्तर में नक्सलियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई चल रही है। एनकाउंटर में अब तक कई बड़े कैडर्स के नक्सली भी मारे जा चुके हैं। 3 दिन पहले अबूझमाड़ में जवानों ने 7 नक्सलियों को मार गिराया था। इन सभी पर कुल 40 लाख रुपए का इनाम भी घोषित था। इन्हीं में से एक नक्सलियों का SCM (स्टेट कमेटी मेंबर) रामचंद्र भी था। यहां पढ़ें पूरी खबर…


