फाजिल्का में अबोहर के सरकारी अस्पताल स्थित बाबा बालक नाथ मंदिर में चोरी की गई। चोरों ने पहले सीसीटीवी की तार काट दी। फिर मंदिर की दानपात्र से करीब 10 हजार रुपए की नकदी चुरा ली। सेवादार ने मंदिर कमेटी के सदस्यों को सूचित किया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। मंदिर के सेवादार ने बताया कि चोरों ने पहले ही अपनी योजना के तहत दो दिन पहले मंदिर के पास लगे सीसीटीवी की तार काट दी थी। इसकी सूचना पहले ही दी गई थी। चोरों ने दिन के समय मंदिर में घुसकर दानपात्र का ताला आरी से काटा और एक साल की जमा पूंजी पर हाथ साफ कर दिया। पुलिस को दी चोरी की सूचना चोरी का पता तब चला जब सेवादार मंदिर में गए और वहां सिर्फ रेजगारी पड़ी मिली। उन्होंने तुरंत मंदिर कमेटी के अन्य सदस्यों को सूचित किया। सेवादार ने बताया कि इस घटना की शिकायत सिटी वन पुलिस में दर्ज कराई जाएगी। यह पहली बार नहीं है जब अस्पताल परिसर में चोरी हुई है। इससे पहले भी यहां पर्स और बाइक चोरी की कई घटनाएं हो चुकी हैं।


