विभिन्न मांगों के समर्थन में किसान संगठनों द्वारा 30 दिसंबर को किए जा रहे पंजाब बंद को सफल बनाने के लिए किसान नेताओं की व्यापारिक संगठनों के साथ बैठकें हो रही है। इसके तहत आज बीकेयू खोसा के पदाधिकारियों ने विभिन्न व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारियों संग बैठक की। व्यापार मंडल के प्रधान सुरेश सतीजा ने पंजाब बंद में पूरा सहयोग करने का ऐलान किया। शनिवार की शाम मंडी नंबर1 स्थित व्यापारी नेता सुरेश सतीजा के प्रतिष्ठान पर हुई बैठक में किसान नेता कुलदीप सिंह ने किसानों की प्रमुख मांगों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि किसानों, आढ़तियों और व्यापारियों का आपस में गहरा संबंध है। अबोहर मंडी किसानी पर निर्भर है। ऐसे में अगर सरकार की किसान विरोधी नीतियों से किसानों का नुकसान होता है तो उससे व्यापारी और आढ़ती वर्ग भी प्रभावित होगा। किसान नेताओं ने कहा कि मोदी सरकार जानबूझ कर पंजाब के किसानों को तबाह करने पर तुली हुई है। 32 दिनों से आमरण अनशन पर बैठे किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल की दिनों-दिन बिगड़ती स्थिति के बारे में कोई सरकार कोई ध्यान नहीं दे रही। उन्होंने कहा कि, केंद्र सरकार रवैये के विरोध में 30 दिसंबर को पंजाब बंद का आह्वान किया गया है। जिसमें सभी व्यापारियों से समर्थन करने की अपील की जा रही है। व्यापारी किसानों के साथ – सतीजा व्यापार मंडल के प्रधान सुरेश सतीजा ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार हमेशा ही पंजाब विरोधी रही है और पंजाब के भाजपा नेताओं ने कभी भी किसानों के हित की बात केंद्र तक नहीं पहुंचाई। सतीजा ने कहा कि आज किसान अपने हकों की लड़ाई लड़ रहा है, ऐसे में हम सभी व्यापारियों और आढ़तियों को भी इनका सहयोग करना चाहिए। जिस पर सभी संगठनों के पदाधिकारियों ने एक स्वर में कहा कि वे 30 दिसंबर को अपना-अपना कारोबार बंद रखकर किसानों की मांगों का समर्थन करेंगे। बैठक में यह लोग रहे उपस्थित बैठक में भाकियू खोसा की ओर से जिला प्रधान बक्शीस सिंह, ब्लॉक प्रधान बलकार सिंह, कुलदीप सिंह तथा अनूप सिंह के अलावा व्यापारिक संगठनों की ओर से व्यापार मंडल के प्रधान सुरेश सतीजा, व्यापारी नेता व पार्षद नरेन्द्र वर्मा, क्लॉथ मार्केट एसोसिएशन के नरेश छाबड़ा, राहुल मदान, शूज मार्केट एसोसिएशन के प्रधान संजीव डोडा, न्यू सदर बाजार एसोसिएशन के प्रधान चंदन जुनेजा, एडवोकेट वरिंद्र ग्रोवर, रेडीमेड गारमेंट एसोसिएशन के प्रधान सर्वजीत सिंह कामरा, यूनिफार्म विक्रेता एसोसिएशन के प्रधान राजेश मक्कड़, सदर बाजार एसोसिएशन के प्रधान मदन लाल डोडा, प्लाईवुड एंड हार्डवेयर एसोसिएशन के प्रधान कृष्ण नरूला रूसी, दशहरा कमेटी के प्रधान टिम्मी चावला, दुर्गयाना मार्केट एसोसिएशन के प्रधान राजेश गुप्ता, आढ़तिया एसोसिएशन के प्रधान पियूष नागपाल तथा अनमोल बाघला आदि लोग उपस्थित थे।


