अबोहर के 5 दोस्तों की हालत आज उस समय खराब हो गई जब वे अबोहर के आलमगढ़ स्थित एक प्रसिद्ध मंदिर में माथा टेककर निकले और सामने बनी एक किराना दुकान से एक्सपायरी डेट की कोल्ड ड्रिंक पी ली। पांचों को इलाज के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया तो इनमें से एक युवक को श्रीगंगानगर रेफर कर दिया गया। अबोहर के इन्द्रा नगरी गली नंबर 5 निवासी अमनदीप, गली नंबर 1 निवासी राजन, अरूण, शुभम और श्रीगंगानगर निवासी चन्द्र कुमार एकादशी को गांव आलमगढ स्थित खाटू धाम मंदिर में बाबा के दरबार में माथा टेकने के लिए पैदल गए। वहां पर माथा टेकने के बाद इन्होंने मंदिर के सामने बनी एक किराना दुकान से कोल्ड ड्रिंक की बोतल खरीद कर पी। इसके बाद उनका जी मचलाने लगा, जब उन्होंने वह बोतल चेक की तो उस पर एक्सपायरी डेट नवंबर 2024 थी। कोल्ड ड्रिंक बेचना मजबूरी
उन्होंने दुकानदार को बताया तो दुकानदार ने कहा कि उसके पास तो इसी महीने की कोल्ड ड्रिंक पड़ी है और इसे बेचना उसकी मजबूरी है। इसके बाद वे किसी तरह शहर पहुंचे और उनके परिजनों ने उन्हें अस्पताल में दाखिल करवाया। जहां पर चन्द्र कुमार को रेफर कर दिया गया, जिस पर वह श्रीगंगानगर चला गया। इधर इन युवकों ने परिजनों ने पुलिस प्रशासन और संबंधित विभाग से दुकानदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। अस्पताल के फार्मासिस्ट मनदीप सिंह ने बताया कि उक्त युवक अस्पताल में हालत बिगड़ने के कारण भर्ती हुए हैं, उन्हें उल्टियां और खांसी हो रही है।


