अबोहर में एक ऑटो ड्राइवर से लूट का मामला सामने आया है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरा फरार है। सीड फार्म पक्का निवासी मक्खन सिंह ने बताया कि वह ई-रिक्शा चलाता है। कल दोपहर एसबीआई बैंक के पास से गुजर रहा था। इस दौरान डिस्कवर बाइक पर सवार दो युवकों ने उसे रोका। उन्होंने कहा कि उनके परिवार के सदस्यों को जैन नगरी से रेलवे स्टेशन जाना है। जैन नगरी पहुंचने पर मक्खन सिंह ने 250 रुपए किराया मांगा। आरोपियों ने कहा कि उनके पास 500 का नोट है। जैसे ही मक्खन सिंह ने बाकी के पैसे निकाले, दोनों युवक कैश छीनकर भाग गए। स्थानीय लोगों की मदद से एक आरोपी को पकड़ लिया गया। उसकी पहचान प्रेम नगर निवासी दीपक के रूप में हुई है। पूछताछ में फरार आरोपी की पहचान साजन के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ बीएनएस की धारा 117(2), 115(2), 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। घटना उस समय हुई जब एसएसपी सिटी वन में पुलिस कर्मियों को शहर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था बनाने के निर्देश दे रहे थे।